बक्सर: सुमित्र महिला महाविद्यालय में नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत, छात्राओं ने ली शपथ, 100 रविवार तक चलेगा जागरूकता अभियान

Updated:
विज्ञापन

नशामुक्ति का शपथ लेते शिक्षक-शिक्षिकाएं व छात्र-छात्राएं | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

सुमित्र महिला महाविद्यालय में नशा मुक्ति युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान शुरू। छात्राओं ने नशा मुक्त समाज बनाने की शपथ ली, 100 रविवार तक चलेगा जागरूकता कार्यक्रम।

विज्ञापन

Buxar News : नगर स्थित सुमित्र महिला महाविद्यालय में रविवार को 'नशा मुक्ति युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान' का भव्य शुभारंभ किया गया. मेरा युवा भारत (MY Bharat), बक्सर के तत्वावधान में खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं, शिक्षकों और कर्मियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन सुना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया. कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ भी ली.

विज्ञापन

युवाओं की शक्ति से बनेगा विकसित भारत

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शोभा सिंह ने की. उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है. यदि युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल, सेवा और नैतिक मूल्यों को अपनाएं, तो विकसित भारत का सपना जल्द साकार होगा. उन्होंने छात्राओं से अपने परिवार और समाज में भी नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया.

100 रविवार तक चलेगा जनजागरूकता अभियान

राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. शंभू नाथ शिवेंद्र ने बताया कि यह अभियान अगले 100 रविवार तक लगातार चलेगा. इस दौरान शपथ ग्रहण, जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिता, संगोष्ठी, जनसंवाद और समुदाय आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा सके.

स्वस्थ युवा ही विकसित राष्ट्र की नींव

भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार सिंह ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही विकसित राष्ट्र की आधारशिला हैं. उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर योग, खेल और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की. वहीं इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. सुभाष चंद्रशेखर ने कहा कि नशा मुक्त भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाएगा.

छात्राओं ने लिया जनजागरूकता फैलाने का संकल्प

कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. सभी ने समाज को नशा मुक्त बनाने और लोगों को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया. महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि अभियान के तहत विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन