डुमरांव में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल, सैकड़ों हस्ताक्षर वाला ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग
एसडीएम को पत्र सौंपते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
Buxar News : डुमरांव में निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है. ग्रामीणों ने निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए तत्काल निष्पक्ष जांच की मांग की है.
Buxar News : डुमरांव शहर से शक्ति द्वार होते हुए जंगलीनाथ शिव मार्ग के रास्ते एनएच-922 को जोड़ने वाली निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता को लेकर शुक्रवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने आया. सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाये और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण में निर्धारित मानकों और सामग्री की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है.
निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांचने की मांग
स्थानीय लोगों ने कहा कि यह सड़क डुमरांव शहर को एनएच-922 से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है. इस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है. ऐसे में सड़क का मजबूत और टिकाऊ निर्माण जरूरी है.
लोगों ने मांग की कि निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री के नमूने लिये जाएं और उनकी तकनीकी जांच करायी जाए. साथ ही यह भी जांच हो कि निर्माण कार्य स्वीकृत एस्टीमेट और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप हो रहा है या नहीं. लोगों ने आशंका जतायी कि यदि निर्माण में गुणवत्ता से समझौता हुआ, तो भारी वाहनों के दबाव में सड़क जल्द क्षतिग्रस्त हो सकती है.
Also Read : करगहर में एचटी लाइन का 2.5 सीकेएम तार चोरी, पांच लाख रुपये का बताया जा रहा नुकसान
सूचना बोर्ड नहीं लगाने पर भी उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने निर्माण स्थल पर योजना से संबंधित सूचना बोर्ड नहीं लगाये जाने पर भी सवाल उठाया. लोगों ने कहा कि बोर्ड पर योजना की लागत, निर्माण एजेंसी, सड़क की लंबाई-चौड़ाई, कार्य की अवधि और अन्य जरूरी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए.
इसके साथ ही स्वीकृत एस्टीमेट को भी सार्वजनिक करने की मांग की गयी, ताकि आम लोग निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति से अवगत हो सकें. सामाजिक कार्यकर्ता अजय राय ने कहा कि विकास कार्य जनता के पैसे से होते हैं. ऐसे में निर्माण में गुणवत्ता और पारदर्शिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए. उन्होंने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य और निर्माण सामग्री की तकनीकी जांच कराने की मांग की.

एसडीएम को सौंपा सैकड़ों हस्ताक्षर वाला ज्ञापन
मामले को लेकर अजय राय के नेतृत्व में युवाओं का प्रतिनिधिमंडल अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार से मिला. प्रतिनिधिमंडल ने सैकड़ों लोगों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण की गुणवत्ता, निर्माण सामग्री, प्रक्रिया और स्वीकृत एस्टीमेट की जांच कराने की मांग की.
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि जांच के दौरान निर्माण सामग्री के नमूने लिये जाएं और उनकी गुणवत्ता की तकनीकी जांच करायी जाए.
Also Read : कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में चतुर्थ वर्गीय कर्मियों का साक्षात्कार 28 सितंबर से, देखें पदवार शेड्यूल
एसडीएम ने जांच का दिया निर्देश
प्रतिनिधिमंडल की शिकायत सुनने के बाद एसडीएम राजीव कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारी को जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का पालन जरूरी है. यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
प्रतिनिधिमंडल में युवा प्रशांत ठाकुर, लव कुमार, विकास सिंह, दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे.
कहते हैं एसडीएम
शक्ति द्वार से एनएच-922 को जोड़ने वाली निर्माणाधीन सड़क को लेकर शिकायत मिली है. एई को जांच कर प्रतिवेदन जमा करने के लिए कहा गया है. किसी तरह की गड़बड़ी पाये जाने पर संवेदक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
राजीव कुमार, एसडीएम, डुमरांव
Also Read : पीडीएस दुकानदारों की बैठक में केवाईसी पूरा कराने पर जोर, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए