बक्सर में 'अभियान बसेरा': राजपुर के भूमिहीनों को मिलेगा बासगीत पर्चा, CO ने की आवेदन जमा करने की अपील

Updated:
विज्ञापन

फोटो :- आवेदन जमा करने के लिए अंचल कार्यालय पहुंची महिलाएं | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

राजपुर के भूमिहीन परिवारों को 'अभियान बसेरा' के तहत वासगीत पर्चा मिलेगा। जल्द आवेदन करें और पाएं अपना मालिकाना हक।

विज्ञापन

राजपुर (बक्सर). बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा संचालित 'अभियान बसेरा' के अंतर्गत राजपुर अंचल क्षेत्र के भूमिहीन और आवासविहीन परिवारों को वासभूमि का मालिकाना हक देने की प्रक्रिया तेज हो गई है. अंचल प्रशासन ने क्षेत्र के सभी वास्तविक भूमिहीन परिवारों से बासगीत पर्चा आवंटन हेतु शीघ्र आवेदन जमा करने का आह्वान किया है. योजना की जानकारी मिलते ही पहले ही दिन अंचल कार्यालय में आवेदन जमा करने के लिए लाभुकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी.

विज्ञापन

योग्य परिवारों को जांच के बाद मिलेगा वासगीत पर्चा

राजपुर अंचलाधिकारी (सीओ) डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि वैसे भूमिहीन एवं वासविहीन परिवार, जिनके पास न तो रहने के लिए अपना पक्का-कच्चा मकान है और न ही रहने योग्य कोई निजी जमीन उपलब्ध है, वे इस जनकल्याणकारी योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राप्त सभी आवेदनों की अंचल और राजस्व स्तर पर सघन जांच की जाएगी. भौतिक सत्यापन के उपरांत पात्र पाए जाने वाले सभी परिवारों को सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार वासभूमि का पर्चा उपलब्ध कराया जाएगा.

पंचायत शिविर, राजस्व कर्मी और पोर्टल से भी आवेदन की सुविधा

राजस्व अधिकारी (आरओ) रूपा कुमारी ने जानकारी दी कि ग्रामीणों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए आवेदन की त्रिस्तरीय व्यवस्था की गई है. ग्रामीण अपने क्षेत्र के संबंधित राजस्व कर्मचारियों को सीधे आवेदन दे सकते हैं. इसके अलावा, पंचायत सरकार भवनों में आयोजित होने वाले विशेष शिविरों में भी आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं. इच्छुक आवेदक चाहें तो 'बिहार भूमि' पोर्टल के जरिए ऑनलाइन माध्यम से भी अपना दावा प्रस्तुत कर सकते हैं. आवेदन के साथ पहचान पत्र, जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, शपथ-पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य है.

पहले दिन ही आवेदन देने अंचल कार्यालय पहुंचीं दर्जनों महिलाएं

अभियान बसेरा की सूचना मिलते ही पहले दिन बड़ी संख्या में महिलाएं आवेदन पत्र लेकर अंचल कार्यालय पहुंचीं. खरहना पंचायत के दरियापुर और बारूपुर पंचायत के बभनी गांव की अंचली देवी, सरिता देवी, चंद्रवती देवी, माया देवी, जमुनी देवी और ललिता देवी समेत दर्जनों लाभुकों ने अपने दस्तावेज जमा किए. महिलाओं ने उम्मीद जताई कि वर्षों के इंतजार के बाद अब उनके परिवारों को सिर छुपाने के लिए अपनी जमीन का कानूनी अधिकार मिल सकेगा.

Also Read: बक्सर में चोरी की पल्सर लेकर भाग रहा था चोर, मामा-भांजे को टक्कर मारकर भागने की कोशिश नाकाम

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन