बक्सर: रघुनाथपुर कन्या मध्य विद्यालय में प्रभार को लेकर विवाद, DEO ने दिए जांच और कार्रवाई के निर्देश

Updated:
विज्ञापन

बक्सर के रघुनाथपुर कन्या मध्य विद्यालय में कनीय शिक्षक को प्रभार सौंपने का मामला गरमाया है. वरीय शिक्षकों की मौजूदगी के बावजूद नियमों को ताक पर रखकर प्रभार दिए जाने से स्थानीय लोगों में रोष है. इस मामले की जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन

Teacher Charge Dispute: बक्सर जिले के ब्रह्मपुर अंचल क्षेत्र के कई विद्यालयों में शिक्षा विभाग के नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है. आरोप है कि वरीय शिक्षकों के मौजूद रहने के बावजूद कनीय शिक्षकों को विद्यालय का प्रभारी बनाया गया है. इसको लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं. शिकायत मिलने के बाद बीईओ जीतेंद्र कुमार और डीपीओ सुरेश कुमार ने मामले की जांच की. जांच के दौरान डीपीओ ने भी पाया कि संबंधित विद्यालय में चार शिक्षक वरीय होने के बावजूद कनीय शिक्षक को प्रभार दिया गया है.

रघुनाथपुर कन्या मध्य विद्यालय में कनीय शिक्षक को प्रभार देने पर विवाद

ताजा मामला कन्या मध्य विद्यालय, रघुनाथपुर का है. यहां कनीय शिक्षक अनिल कुमार को प्रभारी बनाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. बताया गया कि विद्यालय में चार अन्य शिक्षक उनसे वरीय हैं. इसके बावजूद उन्हें विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक की जिम्मेदारी दी गयी है.

दो महीने पहले जारी हुआ था वरीय शिक्षक को प्रभार देने का पत्र

बताया जाता है कि ब्रह्मपुर के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के पत्रांक-253, दिनांक 13 मई 2026 के माध्यम से वरीय शिक्षक को विद्यालय का प्रभार देने का निर्देश जारी किया गया था. इसके बावजूद दो महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी कनीय शिक्षक से प्रभार वापस नहीं लिया गया.

स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभागीय निर्देश के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. उनका कहना है कि प्रखंड के अन्य कुछ विद्यालयों में भी इसी तरह वरीयता के नियमों की अनदेखी की जा रही है.

विद्यालयों की व्यवस्था पर भी उठ रहे सवाल

स्थानीय बुद्धिजीवियों और शिक्षा प्रेमियों का आरोप है कि विद्यालयों में कनीय शिक्षकों को प्रभार दिए जाने से प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है. उनका कहना है कि विद्यालय का प्रभार वरीय और योग्य शिक्षक को दिया जाना चाहिए, ताकि विद्यालय की व्यवस्था बेहतर तरीके से संचालित हो सके.

जांच के बाद होगी कार्रवाई

जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्र कुमार कर्ण ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद दोषी पाये जाने पर संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: मंत्रियों के काफिले संग थावे पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मां सिंहासनी के चरणों में टेका माथा, अधिकारियों को दिए खास निर्देश


विज्ञापन
संतोष कांत

लेखक के बारे में

By संतोष कांत

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन