बक्सर में आंधी-बारिश का कहर: रघुनाथपुर-टुड़ीगंज के बीच ट्रैक पर गिरा पेड़, घंटों बाधित रहा रेल परिचालन
सांकेतिक तस्वीर ( AI Image )
Buxar Weather Update : बक्सर के रघुनाथपुर और टुड़ीगंज स्टेशनों के बीच सोमवार शाम आंधी-बारिश के कारण डाउन रेल ट्रैक पर पेड़ गिर गया. बिजली का तार टूटने से ट्रेन परिचालन ठप रहा.
ब्रह्मपुर से संतोष कांत की रिपोर्ट
Buxar Weather Update : स्थानीय क्षेत्र में सोमवार की शाम को आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के कारण रघुनाथपुर और टुड़ीगंज रेलवे स्टेशनों के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते बचा. तेज हवाओं के कारण एक विशालकाय पेड़ उखड़कर सीधे डाउन रेलवे ट्रैक पर जा गिरा. पेड़ गिरने से न सिर्फ रेल पटरी पूरी तरह जाम हो गई, बल्कि उसके ऊपर से गुजर रहा ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) यानी बिजली का हाई-टेंशन तार भी टूट गया.
इस घटना के कारण डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया, जिससे शाम के समय यात्रा कर रहे हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
कई ट्रेनें जहां-तहां रुकीं
शाम के व्यस्त समय (पीक आवर्स) में हुए इस हादसे के कारण डाउन लाइन की कई प्रमुख ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर फंस गईं. बिजली आपूर्ति ठप होने और ट्रैक बाधित होने की वजह से पीछे से आ रही एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को आनन-फानन में पिछले स्टेशनों पर ही रोक दिया गया.

स्टेशनों पर अफरा-तफरी का माहौल
उमस और भारी गर्मी के बीच ट्रेनों के घंटों खड़े रहने के कारण यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को पीने के पानी और जलपान के लिए भारी किल्लत झेलनी पड़ी, जिससे स्टेशनों पर अफरा-तफरी का माहौल रहा.
पेड़ काटकर ट्रैक किया साफ
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया. दानापुर रेल मंडल के तकनीकी अधिकारियों, रेल अभियंताओं और दुर्घटना राहत टीम को तुरंत मौके के लिए रवाना किया गया. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, उनकी प्राथमिकता सबसे पहले ट्रैक को साफ करने और टूटे हुए हाई-टेंशन तारों को दुरुस्त करने की थी.

आंधी रुकते ही तकनीकी टीम ने गैस कटर और क्रेन की मदद से पेड़ के भारी-भरकम तनों को काटकर ट्रैक से हटाया. इसके साथ ही ओएचई टीम ने भी युद्धस्तर पर काम करते हुए बिजली के तारों को दोबारा जोड़ा.
कड़ी मशक्कत के बाद बहाल हुई बिजली आपूर्ति
रेलवे कर्मचारियों की कड़ी मशक्कत के बाद डाउन ट्रैक से पेड़ को पूरी तरह हटाकर बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी. इसके बाद सुरक्षा जांच पूरी कर ‘ट्रैक फिट सर्टिफिकेट’ मिलने पर रुकी हुई ट्रेनों को धीमी गति से आगे के लिए रवाना किया गया. हालांकि, इस अनपेक्षित ब्लॉक के कारण ट्रेनों का टाइम-टेबल पूरी तरह बिगड़ गया है, जिसे सामान्य होने में सुबह तक का समय लग सकता है. रेलवे प्रशासन ने इस व्यवधान से यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद प्रकट किया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Suryakant Kumar
सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों से जुड़ी हाइपरलोकल खबरों, शिक्षा, रोजगार, प्रशासनिक गतिविधियों और जनसरोकार के विषयों पर समाचार लेखन का कार्य कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










