बक्सर में श्री जगन्नाथ रथ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किए भगवान के दर्शन

Author Mritunjay singh|Edited by Vivek Singh
Updated:
विज्ञापन

रथयात्रा में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बक्सर में इस्कॉन मंदिर द्वारा आयोजित श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव का सफलतापूर्वक समापन हुआ. हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान के दिव्य रथ के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया.

विज्ञापन

Buxar Jagannath Rath Yatra : बक्सर इस्कॉन मंदिर, पड़री के तत्वावधान में आयोजित श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ. महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा के दिव्य रथ का दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया. हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूब गया.

विज्ञापन

Buxar News : दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ

महोत्सव का शुभारंभ पूज्य गंगापुत्र त्रिदंडी स्वामी जी महाराज और बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया. इसके बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की भव्य महाआरती हुई. अपने आशीर्वचन में त्रिदंडी स्वामी जी ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रेम, सेवा, समरसता और विश्व बंधुत्व का संदेश देने वाला महापर्व है. उन्होंने श्रद्धालुओं से सनातन संस्कृति के मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया.

कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में इस्कॉन क्षेत्र प्रमुख श्री कृष्ण कृपा दास, इस्कॉन मंदिर पड़री के प्रबंधक राजा गोविंद दास, इस्कॉन नोएडा से आए स्वामी कन्हाई दास, भाजपा जिलाध्यक्ष भुवन सिंह, राजद जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह यादव, चैंबर ऑफ कॉमर्स के जिलाध्यक्ष सत्यदेव, नंदजी जायसवाल, रोहतास गोयल, बबन सिंह, सुरेश राय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

प्रमुख मार्गों से निकली रथ यात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत

आयोजन संयोजक एवं इस्कॉन प्रबंधकारिणी समिति के सदस्य डॉ. रमेश कुमार ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि श्री जगन्नाथ रथ यात्रा भारतीय संस्कृति की लोकमंगल परंपरा का प्रतीक है, जो समाज में प्रेम, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संचार करती है. रथ यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया. विभिन्न स्थानों पर प्रसाद और शीतल पेय की व्यवस्था की गई. महोत्सव का समापन गोयल धर्मशाला में महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ.

इस्कॉन परिवार ने जताया आभार

आयोजन की सफलता पर इस्कॉन परिवार ने संतों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, मीडिया, स्वयंसेवकों और सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से रथ यात्रा महोत्सव भव्य और सफल रूप से संपन्न हुआ.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन