Buxar News: गंगा दशहरा पर घाटों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई पवित्र डुबकी

Updated:
विज्ञापन
गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़

गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़

Buxar News: गंगा दशहरा के अवसर पर बक्सर के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां हजारों लोगों ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और पूजा-अर्चना की. पर्व को लेकर घाटों पर सुरक्षा, ट्रैफिक और गोताखोरों की विशेष व्यवस्था की गई थी.

विज्ञापन

Buxar News: (मनीष मिश्र): बक्सर गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मंगलवार को बक्सर के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. रामरेखा घाट, नाथ बाबा घाट, सती घाट, गोला घाट और सिद्धनाथ घाट समेत अन्य घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई. अहले सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया था, जो दोपहर तक जारी रहा. पूरे घाट क्षेत्र में ‘हर-हर महादेव’ और ‘गंगा मैया की जय’ के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा.

घाटों पर मेले जैसा नजारा देखने को मिला

स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पूजा-अर्चना की और गरीब-असहाय लोगों के बीच दान-पुण्य किया. घाटों पर मेले जैसा नजारा देखने को मिला. पंडितों द्वारा श्रद्धालुओं को गंगा दशहरा का धार्मिक महत्व बताया गया. पंडित जगनारायण पाठक ने बताया कि सनातन परंपरा के अनुसार इसी दिन राजा भगीरथ मां गंगा को धरती पर लेकर आए थे, तभी से गंगा दशहरा पर गंगा स्नान और पूजा की परंपरा चली आ रही है.

श्रद्धालुओं ने मिट्टी के पात्र में जल भरकर चावल, दाल, , मिष्ठान आदि का दान पुरोहितों को दिया. वहीं रामरेखा घाट के पहुंच पथ पर प्रसाद, श्रृंगार सामग्री, समोसा, चाट और जलेबी की दुकानों पर भी काफी भीड़ रही. महिला श्रद्धालुओं ने चूड़ी, बिंदी, कंगन, सिंदूर और अन्य श्रृंगार सामग्री की जमकर खरीदारी की.

जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा

गंगा दशहरा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा. रामरेखा घाट पर महिला पुलिस बल सहित पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही थी. किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गोताखोरों की भी तैनाती की गई थी.

प्रशासन की सख्ती और बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था के कारण शहर में कहीं भी जाम की स्थिति नहीं बनी. शहर के प्रवेश बिंदुओं पर बड़े वाहनों को रोक दिया गया था, जबकि वीर कुंवर सिंह चौक से रामरेखा घाट की ओर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी.

Also Read: Gopalganj News: थावे मंदिर पुनरुद्धार कार्य में देरी पर बड़ा एक्शन, पर्यटन निगम के इंजीनियर हटाने का आदेश

विज्ञापन
विवेक पाण्डेय

लेखक के बारे में

By विवेक पाण्डेय

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन