बक्सर में एटीएम बदलकर 40 हजार का फ्रॉड: शातिर ने पहले देखा पिन, फिर कार्ड बदल उड़ाए पैसे, FIR दर्ज
सांकेतिक तस्वीर
Buxar News: बक्सर जिले के नावानगर बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के एटीएम में पैसा निकालने गए एक अधेड़ व्यक्ति साइबर फ्रॉड का शिकार हो गए. शातिर ठग ने चकमा देकर उनका एटीएम पिन देख लिया और चालाकी से कार्ड बदलकर खाते से 40 हजार रुपये उड़ा दिए.
Buxar News: (नावानगर से त्रिलोकी चौबे की रिपोर्ट):
स्थानीय बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के एटीएम में पैसा निकालने गए एक अधेड़ के खाते से 40 हजार रुपये का फ्रॉड होने का गंभीर मामला सामने आया है. घटना को लेकर रूपसागर गांव निवासी पीड़ित हरिद्वार प्रसाद द्वारा नावानगर थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात साइबर फ्रॉड के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है.
मदद के बहाने पास खड़ा था युवक, झांककर देख लिया पिन
थाने में दिए गए आवेदन में पीड़ित हरिद्वार प्रसाद ने पूरी वारदात का जिक्र करते हुए लिखा है कि वे जरूरी काम से पीएनबी एटीएम से पैसा निकालने के लिए आए थे. उसी दौरान एटीएम के केबिन के पास पहले से ही एक अज्ञात लड़का खड़ा था, जो उन्हें देखकर थोड़ा अलग हट गया. पीड़ित ने जब एटीएम मशीन के अंदर अपना कार्ड लगाया, तो तकनीकी कारणों से पैसे नहीं निकल पाए.
इसी का फायदा उठाकर वह लड़का पीड़ित के करीब आ गया और जब हरिद्वार प्रसाद दोबारा प्रयास कर रहे थे, तब वह शातिर चुपके से उनका गोपनीय पिन नंबर (PIN) ध्यान से देख रहा था.
थमा दिया दूसरा डुप्लीकेट एटीएम, मोबाइल पर मैसेज आते ही उड़े होश
पीड़ित ने आवेदन में बताया कि पिन देखने के बाद उस शातिर युवक ने मदद करने या झांसा देने के बहाने उनके हाथ से कार्ड खींचा और पलक झपकते ही उसे बदलकर दूसरा फर्जी कार्ड मशीन में लगा दिया. हरिद्वार प्रसाद को इस धोखेबाजी की भनक तक नहीं लगी और वे अपना कार्ड लेकर एटीएम केबिन से बाहर निकल गए.
उनके बाहर निकलते ही कुछ ही मिनटों के भीतर उनके मोबाइल पर खाते से 40 हजार रुपये की अवैध निकासी का मैसेज आ गया. मैसेज देखते ही पीड़ित के होश उड़ गए और वे तुरंत दौड़कर वापस एटीएम मशीन के पास पहुंचे, लेकिन तब तक शातिर युवक मौके से रफूचक्कर हो चुका था. जब पीड़ित ने अपने हाथ में मौजूद एटीएम कार्ड को ध्यान से देखा, तो वह किसी दूसरे व्यक्ति का बदला हुआ कार्ड था.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, एसएचओ ने दी सतर्क रहने की सलाह
घटना की पुष्टि करते हुए नावानगर एसएचओ प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि पीड़ित से प्राप्त आवेदन के आधार पर थाने में सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीएनबी बैंक प्रबंधन से संपर्क किया है और एटीएम मशीन के केबिन में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि फ्रॉड करने वाले युवक की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके.
एसएचओ ने आम जनता से भी अपील की है कि एटीएम से पैसे निकालने के दौरान पूरी सतर्कता बरतें, केबिन में किसी भी अनजान व्यक्ति को न रहने दें और अपना पिन नंबर पूरी तरह गोपनीय रखें.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए