बक्सर में राजस्व कर्मी पर जदयू नेता ने लगाया भ्रष्टाचार के आरोप, डीएम से की कार्रवाई की मांग, सहयोग शिविर में खुली पोल
Published by : Ragini Sharma Updated At : 05 Jun 2026 8:11 AM
Buxar News: बक्सर के राजपुर प्रखंड में आयोजित सहयोग शिविर में राजस्व कर्मी अभिषेक कुमार के खिलाफ मिली शिकायतों के आधार पर प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है. कई गंभीर आरोप सामने आए हैं.
BuxarNews: (पंकज कमल) बक्सर के राजपुर प्रखंड के खीरी पंचायत में बीते 2 जून को सरकार की पहल पर सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में पुराने मामलों को लेकर आवाज उठाई गई. युवा जदयू नेता ऋषि देव राय ने शिविर में पुराने लंबित मामलों को उठाते हुए अभिषेक कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. उन्होंने जिलाधिकारी के समक्ष आरोप लगाया कि पूर्व में खीरी पंचायत में कार्यरत रहे अभिषेक कुमार पर कई गंभीर आरोप हैं. इनमें अवैध रूप से पैसे लेने, पंचायत में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहने और पैसे लेने के बावजूद कार्य नहीं करने जैसे आरोप शामिल हैं.
वीडियो वायरल होने से बढ़ी थी चर्चा
जानकारी के अनुसार, पूर्व में भी जमाबंदी को आधार से जोड़ने के दौरान पैसे लेने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. इस मामले को भी सार्वजनिक मंच पर उठाया गया था, जिसके बाद तत्कालीन जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने जांच के आदेश दिए थे. हालांकि, अब तक उस जांच की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है.
विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे
इस शिविर में जिले के प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम स्वयं मौजूद थे. साथ ही, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी भी जनता की समस्याएं सुनने के लिए उपस्थित रहे. शिविर के दौरान कुल 63 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें कई आवेदनों में राजस्व कर्मी अभिषेक कुमार के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की गई.
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
इससे पहले तत्कालीन डीसीएलआर(DCLR) सुधीर कुमार द्वारा तियरा पंचायत में जांच की गई थी. जांच में गड़बड़ी पाए जाने पर अभिषेक कुमार के खिलाफ दो वेतन वृद्धि (इन्क्रिमेंट) स्थायी रूप से काटने की सजा दी गई थी. इसके बावजूद उनके कार्यशैली को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं.
सीओ ने भी मानी लापरवाही
इस संबंध में जब अंचल अधिकारी (सीओ) डॉ. शोभा कुमारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अभिषेक कुमार कार्य के प्रति लापरवाह हैं. वे समय पर कार्य नहीं करते और अधीनस्थ कर्मियों के साथ उनका व्यवहार भी ठीक नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि जब उनसे काम के लिए कहा जाता है, तो वे मानसिक उत्पीड़न का बहाना बनाते हैं.
जांच के बाद होगी कार्रवाई
सीओ ने बताया कि सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों की जांच की जा रही है. जांच रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. इस मामले को लेकर एक बार फिर प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है.
Also Read: कैमूर के रामगढ़ में छापेमारी में 77.40 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










