बक्सर में तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर, चालक गंभीर रूप से घायल
घटनास्थल की तस्वीर
Buxar Accident News: बक्सर जिले के नावानगर थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार में शनिवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने खड़े ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में ट्रैक्टर चालक घायल हो गया, जबकि एक अंडा दुकान को भी क्षति पहुंची.
Buxar Accident News:(त्रिलोकी चौबे) बक्सर के नावानगर बाजार में शनिवार रात करीब नौ बजे डुमरांव-बिक्रमगंज मुख्य पथ पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार बालू लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर आगे बढ़ते हुए पास में ठेले पर अंडा बेच रहे दुकानदार की दुकान से जा भिड़ा, जिससे दुकान को भी काफी नुकसान पहुंचा.
ट्रैक्टर चालक घायल
हादसे में ट्रैक्टर चालक घायल हो गया, जिसकी पहचान नावानगर गांव निवासी सरोज यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को तत्काल एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है. स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के दौरान बाजार में मौजूद अन्य लोग बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई.
दुकान को हुआ आर्थिक नुकसान
टक्कर के बाद अंडा दुकानदार प्रकाश की दुकान को भी काफी नुकसान पहुंचा है. हादसे में हजारों रुपये की सामग्री क्षतिग्रस्त हो गई। अचानक हुई घटना से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे.
पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही नावानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों का निरीक्षण किया और घटना के कारणों की जानकारी ली.थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर चालक घायल हुआ है. मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
स्थानीय लोगों की चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य पथ पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण इस तरह की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं. लोगों ने सड़क पर गति नियंत्रण और सख्त यातायात नियम लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए