बक्सर में CSP संचालक से 1.15 लाख की लूट, बंदूक की नोक पर नकदी और मोबाइल छीनने का आरोप
पीड़ित सीएसपी संचालक | Prabhat Khabar Network
बक्सर के चौसा में हथियारबंद बदमाशों ने सीएसपी संचालक से 1.15 लाख रुपये और मोबाइल लूट लिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Buxar News : बक्सर मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में सोमवार शाम बेखौफ अपराधियों ने एक सीएसपी संचालक को निशाना बनाते हुए बंदूक की नोक पर 1.15 लाख रुपये और मोबाइल लूट लिया. वारदात कठघरवा-पवनी मार्ग पर ढुढ़नी गांव के पास हुई. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
बैंक से रुपये निकालकर लौट रहे थे सीएसपी संचालक
जानकारी के अनुसार, कमरपुर गांव निवासी वीरेंद्र सिंह कुशवाहा पवनी पंचायत भवन के पास भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) संचालित करते हैं. सोमवार को वह चौसा स्थित एसबीआई शाखा से 1.15 लाख रुपये निकालकर थैले में रख साइकिल से घर लौट रहे थे.
हथियार दिखाकर नकदी और मोबाइल लूटा
ढुढ़नी गांव के पास पवनी की ओर से अपाची बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे. तीनों ने गमछे से अपना चेहरा ढक रखा था. बदमाशों ने वीरेंद्र सिंह को रोककर हथियार तान दिया और रुपये से भरा बैग तथा मोबाइल छीन लिया. इसके बाद तीनों पवनी-करंहसी मार्ग की ओर फरार हो गए.
सुनसान रास्ते का उठाया फायदा
घटना सुनसान इलाके में होने के कारण पीड़ित को तत्काल मदद नहीं मिल सकी. बाद में ग्रामीणों की सहायता से उन्होंने पुलिस को सूचना दी. घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है.
पुलिस ने शुरू की जांच
मुफ्फसिल थाना के अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मंगलवार दोपहर पीड़ित का आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है. बैंक से निकासी का ब्योरा भी लिया गया है. पुलिस बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











