राहुल गांधी की भारत यात्रा से कांग्रेस को नहीं मिलने वाला कोई चुनावी फायदा, भाजपा नेता सुशील मोदी ने किया दावा

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने राहुल गांधी की भारत न्याय यात्रा पर टिप्पणी करते हुए कहा कि राहुल गांधी कितनी भी भारत जोड़ो यात्रा कर लें, इसका कोई चुनावी लाभ कांग्रेस को मिलने वाला नहीं है.
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब भारत न्याय यात्रा पर निकलेंगे. यह यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू होकर 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी. इस दौरान यह राहुल गांधी का काफिला बिहार से होकर भी गुजरेगा. राहुल गांधी की इस यात्रा की घोषणा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को कर दी है. वहीं भारतीय जनता पार्टी ने इस यात्रा को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला है. बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने राहुल गांधी की भारत न्याय यात्रा पर टिप्पणी करते हुए कहा कि राहुल गांधी कितनी भी भारत जोड़ो यात्रा कर लें, इसका कोई चुनावी लाभ कांग्रेस को मिलने वाला नहीं है. राहुल गांधी के पाखंड को देश गौर से देख रहा है.
बिहार में कांग्रेस पार्टी 30 साल से लालू प्रसाद की कृपा पर काम कर रही है : सुशील मोदी
सुशील मोदी ने कहा कि जनता 2024 में जब तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधान सेवक बनाने का संकल्प कर चुकी है. राहुल की यात्राएं केवल टाइम-पास हैं. बिहार में उनकी कांग्रेस पिछले 30 साल से लालू यादव की कृपा पर जी रही है उनकी यात्रा पूरी होने से पहले चुनाव की घोषणा हो सकती है.
राहुल गांधी ने जिन राज्यों में बिताया समय, वहां हारी कांग्रेस : सुशील मोदी
सुशील मोदी ने कहा कि पिछली भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी ने सबसे ज्यादा समय जिन तीन हिंदी भाषी राज्यों में बिताया था, उन तीनों के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पराजित हुई, दो राज्यों में वह सत्ता से बाहर हो गई. उन्होंने कहा कि बिहार में लालू प्रसाद, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी और यूपी में अखिलेश यादव अपने- अपने राज्य में कांग्रेस के लिए सिर्फ चार – चार संसदीय सीट छोड़ने की कृपा कर सकते हैं.
बिहार आएंगे कांग्रेस नेता राहुल गांधी, भारत न्याय यात्रा से करेंगे जनसंपर्क
बताया दे कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने राहुल गांधी के भारत न्याय यात्रा की घोषणा बुधवार को की है. भारत न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी का काफिला बिहार से होकर भी गुजरेगा. यह माना जा रहा है कि वह सीमांचल के कुछ लोकसभा क्षेत्रों में जाएंगे. हालांकि यात्रा का विस्तृत कार्यक्रम अभी तक जारी नहीं किया जा रहा है. यह माना जा रहा है कि जनवरी के अंतिम सप्ताह में उनकी यात्रा बिहार में प्रवेश करेगी.
मणिपुर से शुरू होगी भारत न्याय यात्रा
राहुल गांधी की भारत न्याय यात्रा 14 राज्यों के 85 जिलों से गुजरेगी. इसकी शुरुआत 14 जनवरी 2024 को मणिपुर के इंफाल से होगी और यह न्याय यात्रा 20 मार्च को मुंबई पहुंचेगी. हिंसा प्रभावित राज्य मणिपुर देश-दुनियां में खबरों में बना हुआ है. ऐसे में न्याय यात्रा की शुरुआत राहुल गांधी उसी मणिपुर से करेंगे.
मल्लिकार्जुन खरगे दिखाएंगे हरी झंडी
भारत न्याय यात्रा में राहुल गांधी पूर्वोत्तर के राज्यों के साथ ही पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड सहित 14 राज्यों की यात्रा करेंगे. पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि 14 जनवरी को मल्लिकार्जुन खरगे इंफाल में यात्रा को हरी झंडी दिखायेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anand Shekhar
Dedicated digital media journalist with more than 2 years of experience in Bihar. Started journey of journalism from Prabhat Khabar and currently working as Content Writer.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




