Biharsharif News : फायरिंग में युवक जख्मी, तीन कट्टे और 13 कारतूस बरामद
इस्लामपुर नगर के मलह विगहा मुहल्ले में रविवार की देर शाम फायरिंग की घटना सामने आयी.
इस्लामपुर (नालंदा). इस्लामपुर नगर के मलह विगहा मुहल्ले में रविवार की देर शाम फायरिंग की घटना सामने आयी. इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आवासीय मकान में छापेमारी की, जहां अवैध रूप से तीन कट्टे और 13 कारतूस बरामद किये गये. डीएसपी कुमार ऋषि राज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि पुलिस को सूचना मिली कि मलह विगहा मुहल्ले में फायरिंग हुई है. मौके पर पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि मो. शाकिर उर्फ मौलवी के मकान में कोई आपराधिक व्यक्ति किराये पर रह रहा था. इस दौरान पुलिस ने मकान की तलाशी ली और वहां से तीन कट्टे और 13 कारतूस बरामद किये. घटना के बारे में डीएसपी ने बताया कि घटना के समय अवैध हथियारों की सफाई करते वक्त मिस फायरिंग हो गयी, जिससे पास में खेल रहे 18 वर्षीय समीर को गोली लग गयी. गोली लगने से घायल समीर को स्थानीय लोगों ने इस्लामपुर स्थित एक निजी चिकित्सक के क्लिनिक में पहुंचाया. घटना के बाद पुलिस ने मो. शाकिर उर्फ मौलवी के घर की पूरी तलाशी ली, जहां अवैध रूप से हथियार और कारतूस छिपाये गये थे. डीएसपी कुमार ऋषि राज ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और पुलिस घटना की तफतीश कर रही है. पुलिस ने यह भी बताया कि किरायेदार की पहचान की जा रही है, जो आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था और इन हथियारों का इस्तेमाल करता था.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए