बिहारशरीफ: गगन दुल्ला शाह के उर्स में पहली बार शामिल हुए नीतीश कुमार, चादरपोशी कर मांगी अमन-चैन की दुआ

चादरपोशी करने जाते पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। फोटो प्रभात खबर.
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पहली बार बिहारशरीफ के गगन दीवान मोहल्ला स्थित सूफी संत हजरत मखदूम सैयद गगन दुल्ला शाह के सालाना उर्स में शिरकत की. उन्होंने आस्ताने मुबारक पहुंचकर अकीदत की चादर पेश की और प्रदेश में सुख-शांति, समृद्धि व भाईचारे की दुआ मांगी.
Former C M Bihar : बिहारशरीफ के गगन दीवान मोहल्ले स्थित सूफी संत हजरत मखदूम सैयद गगन दुल्ला शाह (रहमतुल्लाह अलैह) के सालाना उर्स के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने आस्ताने मुबारक पहुंचकर अकीदत की चादर पेश की. उन्होंने मजार शरीफ पर पारंपरिक तरीके से चादरपोशी की, फूल अर्पित किए और बिहार में सुख-शांति, समृद्धि, भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द कायम रहने की दुआ मांगी.
पूर्व सीएम ने प्रदेश की खुशहाली की कामना
यह पहला अवसर था जब नीतीश कुमार गगन दुल्ला शाह के सालाना उर्स में शामिल हुए. उनके आगमन को लेकर जायरीनों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया. बड़ी संख्या में लोगों ने आस्ताना परिसर पहुंचकर उनका स्वागत किया. उर्स में पहुंचे अकीदतमंदों ने भी मजार पर हाजिरी लगाकर देश और प्रदेश की खुशहाली तथा अमन-चैन की दुआ मांगी.
भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ कार्यक्रम
पूर्व मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने आस्ताना परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे. बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. सुरक्षा व्यवस्था के बीच चादरपोशी का कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ.
दरगाह भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक
जदयू के राष्ट्रीय महासचिव इंजीनियर सुनील कुमार ने कहा कि सूफी संत हजरत मखदूम सैयद गगन दुल्ला शाह (रहमतुल्लाह अलैह) की दरगाह प्रेम, आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का उर्स में शामिल होकर चादरपोशी करना सभी धर्मों और समुदायों के प्रति उनके सम्मान तथा सामाजिक सौहार्द के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कामना की कि सूफी संत का आशीर्वाद बिहार पर बना रहे और राज्य विकास, समृद्धि तथा सामाजिक सद्भाव के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे।
चादरपोशी के दौरान रहे मौजूद
जिलाध्यक्ष मो. अरशद, असगर शमीम, गुलरेज अंसारी, धनंजय देव, रंजीत कुमार, प्रद्युम्न कुमार, अकबर अली, रविकांत कुमार, संजय पासवान, निशान चंद्रवंशी, मो. आफताब, मो. मेराजुद्दीन, जमील अख्तर, पप्पू बनौलिया, शशि कुमार, सकीबुल हसन, मो. अकील अख्तर, खालिद आलम भुट्टो, वकील खान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, जदयू नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और अकीदतमंद मौजूद रहे.
Also Read : डीएम-एसपी कार्यालय के पास बना होमगार्ड भवन छह साल से अधूरा, तय समय के बाद भी काम नहीं हुआ पुरा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










