नालंदा के मानपुर में काम से लौट रहे अधेड़ को अज्ञात टेम्पो ने कुचला, मौके पर ही मौत, परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर किया सड़क जाम

Updated:
विज्ञापन

सदर अस्पताल में मृतक के परिजन | Prabhat Khabar Network

बिहारशरीफ के मानपुर में अज्ञात टेम्पो की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई. मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया.

विज्ञापन

Nalanda News: नालंदा जिले अंतर्गत मानपुर थाना क्षेत्र के विलासपुर (बिलासपुर) गांव के पास शनिवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बारिश और अंधेरे के बीच तेज रफ्तार अज्ञात टेम्पो ने सड़क किनारे पैदल चल रहे 50 वर्षीय व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में अधेड़ की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और उग्र परिजनों तथा स्थानीय ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया.

जजमान के यहां काम निपटाकर पैदल घर लौट रहे थे प्रमोद

मृतक की पहचान मानपुर थाना क्षेत्र के बिलासपुर गांव निवासी स्व. सरयुग ठाकुर के 50 वर्षीय पुत्र प्रमोद ठाकुर के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि प्रमोद ठाकुर शनिवार को पास के देकुली गांव में अपने जजमान के यहां बाल-दाढ़ी बनाने का काम करने गए थे. शाम में काम खत्म करने के बाद वह पैदल ही अपने घर लौट रहे थे. इसी बीच अचानक मौसम खराब हो गया और मूसलाधार बारिश के साथ अंधेरा छा गया.

बिना लाइट के आ रहे टेम्पो ने मारी टक्कर, चालक फरार

परिजनों का आरोप है कि प्रमोद सड़क किनारे सुरक्षित पैदल चल रहे थे, तभी सामने से बिना हेडलाइट जलाए आ रहे एक अज्ञात टेम्पो ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए. टेम्पो पर सवार कुछ महिलाओं ने गांव पहुंचकर परिजनों को हादसे की सूचना दी. जब तक परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक प्रमोद दम तोड़ चुके थे. मृतक अपने पीछे तीन पुत्रों और तीन पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं, जिनके सामने अब आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही मानपुर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर सड़क जाम समाप्त कराया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया. मानपुर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने पर नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. पुलिस आसपास के सीसीटीवी और चश्मदीदों के आधार पर अज्ञात टेम्पो तथा उसके चालक की पहचान करने में जुटी हुई है.

Also Read: नालंदा: डीएम उदिता सिंह ने जनसुनवाई में सुनी 18 लोगों की शिकायतें, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन