बिहारशरीफ : लंगोटा मेले से पहले दुरुस्त होंगी बंद स्ट्रीट व हाई मास्ट लाइटें, नगर आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण

फोटो : तैयारी का स्थल निरीक्षण करते नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन व उप नगर आयुक्त शम्स रजा व अन्य | Prabhat Khabar Network
बिहारशरीफ में ऐतिहासिक बाबा मणिराम अखाड़ा लंगोटा मेला 2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं. नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन ने मेला स्थल का औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं.
बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत लगने वाले ऐतिहासिक बाबा मणिराम अखाड़ा लंगोटा मेला 2026 की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन पूरी तरह एक्शन में हैं. शनिवार को उन्होंने मेला स्थल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सघन जायजा लिया.
निरीक्षण के बाद नगर आयुक्त ने कड़ा निर्देश दिया कि संपूर्ण मेला क्षेत्र में नियमित रूप से दो पालियों में साफ-सफाई कराई जाए. इसके साथ ही मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को पूरी तरह शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त इंतजाम करने को कहा गया है.
बंद लाइटों की मरम्मत के आदेश
मेले में आने वाले लोगों की व्यापक सुविधा के लिए क्षेत्र की सभी बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट की तुरंत मरम्मत कराने का सख्त आदेश दिया गया है. इसके साथ ही परिसर में पर्याप्त संख्या में अस्थायी शौचालय बनाने और श्रद्धालुओं के लिए वाटर एटीएम अधिष्ठापित करने का निर्देश भी दिया गया है.
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि लंगोटा मेले में आने वाले किसी भी श्रद्धालु को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए.
समय पर तैयारी पूरी करने के निर्देश
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर हर हाल में पूरी कर ली जाएं ताकि मेला सुचारू और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके. इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त शम्स रजा एवं सिटी मैनेजर के अलावे नगर निगम के कई पदाधिकारी एवं अमरकांत भारती सहित स्थानीय कई गणमान्य लोग भी मुख्य रूप से मौजूद रहे.
Also Read : नालंदा सदर अस्पताल : बायोमेट्रिक उपस्थिति होगी अनिवार्य, गैरहाजिर डॉक्टरों का रुक सकता है वेतन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










