जहानाबाद से परीक्षा देने शेखपुरा आया छात्र, जंक्शन के पास होटल में पंखे से लटका मिला शव

घटनास्थल पर जांच करतीं पुलिस व होटल के समीप जुटी भीड़ | Prabhat Khabar Network
शेखपुरा जंक्शन स्टेशन के पास एक होटल के कमरे में जहानाबाद के एक छात्र का शव पंखे से लटका मिला है. यह जिले में पिछले तीन दिनों में शव मिलने की तीसरी घटना है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Sheikhpura News : शेखपुरा जंक्शन स्टेशन के समीप स्थित एक होटल के कमरे में बुधवार को एक युवक का शव पंखे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई. पिछले तीन दिनों में जिले के अलग-अलग इलाकों से शव मिलने की यह तीसरी घटना है. सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस और चलंत फोरेंसिक जांच दल मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए.
जहानाबाद निवासी था प्रिंस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक ने मंगलवार रात होटल में कमरा लिया था. होटल के रजिस्टर के अनुसार उसकी पहचान जहानाबाद निवासी प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. बताया गया कि वह किसी परीक्षा में शामिल होने के लिए शेखपुरा आया था.
होटलकर्मी से सुबह दस बजे जगाने के लिए बोला था प्रिंस
होटल कर्मियों के अनुसार, युवक ने रात में केयरटेकर से सुबह 10 बजे जगा देने का अनुरोध किया था. तय समय पर केयरटेकर जब कमरे के बाहर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला. काफी आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उसने होटल संचालक को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया.
पुलिस की मौजूदगी में खोला दरवाजा, जांच में जुटी फोरेंसिक टीम
पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खोला गया तो युवक का शव पंखे से लटका मिला. शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया गया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया.
नगर थाना पुलिस ने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा. पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है.
मौके पर पहुंची चलंत फोरेंसिक टीम ने होटल के कमरे से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं, जिनकी जांच की जा रही है.
होटलकर्मी ने ऐसे दी पुलिस को सूचना
होटल के केयरटेकर ने बताया कि युवक ने सुबह 10 बजे जगाने को कहा था. तय समय पर दरवाजा खटखटाने और आवाज लगाने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद होटल संचालक और नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










