ePaper

राजगीर से मुंबई तक सीधी रेल सेवा की मिली सौगात

Updated at : 19 Sep 2025 9:15 PM (IST)
विज्ञापन
राजगीर से मुंबई तक सीधी रेल सेवा की मिली सौगात

राजगीर और नालंदा के लोगों के लिए रेलवे ने एक और बड़ी सौगात देने की तैयारी कर ली है. अब मगध की ऐतिहासिक राजधानी राजगीर से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई तक सीधी रेल सेवा मिलने वाली है.

विज्ञापन

राजगीर. राजगीर और नालंदा के लोगों के लिए रेलवे ने एक और बड़ी सौगात देने की तैयारी कर ली है. अब मगध की ऐतिहासिक राजधानी राजगीर से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई तक सीधी रेल सेवा मिलने वाली है. केवल परिचालन तिथि की घोषणा बाकी रह गयी है, जो कभी भी हो सकती है. सूत्रों के अनुसार ट्रेन संख्या 13201/13202 राजेंद्र नगर बिहार-लोकमान्य तिलक टर्मिनस जनता एक्सप्रेस का विस्तार राजगीर तक कर दिया गया है. पूर्व मध्य रेलवे ने इस पर औपचारिक मंजूरी प्रदान कर दी है. हालांकि ट्रेन के परिचालन की तिथि की आधिकारिक घोषणा फिलहाल शेष है. इस फैसले से नालंदा वासियों और यात्रियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी. राजगीर और नालंदा से बड़ी संख्या में छात्र उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाते हैं. कामकाजी लोग रोज़गार की तलाश में मुंबई जैसे शहरों का रुख करते हैं. अब उन्हें पटना से ट्रेन पकड़ने की झंझट से मुक्ति मिलेगी. यह सुविधा विशेष रूप से पर्यटन और शिक्षा के क्षेत्र को मजबूती प्रदान करेगी. राजगीर अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर अपनी पहचान रखता है. मुंबई जैसे महानगर से सीधी कनेक्टिविटी मिलने से पर्यटकों की आवाजाही और आसान हो जायेगी. मिली जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 13202 मुंबई एलटीटी–राजगीर लोकमान्य तिलक टर्मिनस जनता एक्सप्रेस प्रतिदिन दोपहर 02:45 बजे मुंबई एलटीटी से खुलेगी और तीसरे दिन सुबह 03:00 बजे राजगीर स्टेशन पहुंचेगी. वहीं गाड़ी संख्या 13201 राजगीर–मुंबई एलटीटी जनता एक्सप्रेस प्रतिदिन रात 08:45 बजे राजगीर से खुलेगी और तीसरे दिन सुबह 10:50 बजे मुंबई एलटीटी पहुंचेगी. यानी यह ट्रेन लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक सुविधाजनक विकल्प बनेगी. पटना से राजगीर के बीच ट्रेन का ठहराव पटना साहिब, फतुहा, बख्तियारपुर, बिहारशरीफ और नालंदा स्टेशन पर निर्धारित किया गया है. इसका लाभ नालंदा के अलावे नवादा, शेखपुरा, गया जहानाबाद आदि क्षेत्रों के स्थानीय यात्रियों को भी मिलेगा. अब उन्हें सीधे मुंबई तक यात्रा की सुविधा मिल सकेगी. पूर्व मध्य रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह विस्तार मौजूदा पटना–मुंबई एलटीटी जनता एक्सप्रेस की रैक का ही होगा. यानी पहले जो ट्रेन पटना से खुलती थी, अब वह राजगीर तक आयेगी। परिचालन की तिथि जल्द घोषित की जाएगी. राजगीर से मुंबई तक सीधी रेल सेवा मिलने को क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. इससे न केवल आर्थिक गतिविधियों को बल मिलेगा, बल्कि शिक्षा, संस्कृति और पर्यटन क्षेत्र को भी नया आयाम मिलेगा. स्थानीय लोगों का मानना है कि इस सुविधा से राजगीर और नालंदा की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SANTOSH KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By SANTOSH KUMAR SINGH

SANTOSH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन