सीएम योगी का सिंगापुर दौरा : टेमासेक के चेयरमैन से मुलाकात, निवेश को लेकर अच्छी खबर
Published by : Amitabh Kumar Updated At : 23 Feb 2026 9:49 AM
मुख्यमंत्री योगी सिंगापुर दौरे पर
CM Yogi Singapore Visit : सिंगापुर दौरे के पहले दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विदेशी निवेशकों व कॉरपोरेट प्रतिनिधियों से अहम मुलाकात की. इससे प्रदेश में निवेश बढ़ने की संभावना है.
CM Yogi Singapore Visit : उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंगापुर दौरे पर हैं. दौरे के पहले दिन उन्होंने विभिन्न विदेशी निवेशकों और कॉरपोरेट प्रतिनिधियों से महत्वपूर्ण बैठकें कीं. मुख्यमंत्री ने सबसे पहले सिंगापुर की अग्रणी निवेश कंपनी टेमासेक होल्डिंग्स (Temasek Holdings) के चेयरमैन टियो ची हीन (Teo Chee Hean) और उनकी टीम से मुलाकात की. बैठक में टेमासेक के वैश्विक निवेश पोर्टफोलियो और उत्तर प्रदेश में निवेश पर चर्चा हुई.
मुख्यमंत्री ने यूपी में दिया निवेश का आमंत्रण
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने टेमासेक को उत्तर प्रदेश में अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य, वेयरहाउसिंग, फिनटेक आधारित शहरी विकास व अन्य सम्बद्ध क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया. बैठक में टेमासेक की पोर्टफोलियो कंपनी मनिपाल हॉस्पिटल्स (Manipal Hospitals) द्वारा गाजियाबाद में लगभग 500 करोड़ रुपये के निवेश जबकिअसेंडास (Ascendas) द्वारा राज्य में लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग सुविधाओं के विकास हेतु करीब 500 करोड़ रुपये के निवेश से संबंधित जानकारी भी साझा की गई.
डाटा सेंटर, कौशल विकास समेत अन्य सेक्टर्स में निवेश पर बनी सहमति
बैठक में दोनों पक्षों ने डेटा सेंटर और कौशल विकास जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं को तलाशने पर सहमति व्यक्त की. यह सहयोग उत्तर प्रदेश की भविष्य उन्मुख अवसंरचना के निर्माण तथा व्यापक रोजगार सृजन की परिकल्पना के अनुरूप होगा, जिससे राज्य को तकनीकी रूप से सशक्त और आर्थिक रूप से अधिक सक्षम बनाने में सहायता मिलेगी. मुख्यमंत्री ने निवेशकों के समक्ष उत्तर प्रदेश की बेहतर कानून-व्यवस्था, विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी, विकसित हो रहे एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर नीति, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और तेजी से उभरते लॉजिस्टिक्स हब के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज भारत की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और राज्य सरकार उद्योगों को ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के तहत पारदर्शी, त्वरित और निवेशक-अनुकूल वातावरण प्रदान कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार निवेशकों के साथ दीर्घकालिक और भरोसेमंद साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे प्रदेश में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन और तकनीकी क्षमता का विकास हो सके.
यह भी पढ़ें : सिंगापुर और जापान के दौरे पर क्यों जा रहे हैं सीएम योगी? जानें यहां
मुख्यमंत्री के इस दौरे को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. उम्मीद की जा रही है कि इसके माध्यम से उत्तर प्रदेश में विदेशी निवेश की नई संभावनाएं खुलेंगी और राज्य को ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में गति मिलेगी. गौरतलब है कि राज्य में निवेश प्रोत्साहन की इसी मुहिम के तहत डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य इस समय यूरोप के दौरे पर हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










