कॉलेज में गड़बड़ी की शिकायत करना छात्र को पड़ा महंगा

Published by :SANTOSH KUMAR SINGH
Published at :18 Apr 2026 9:12 PM (IST)
विज्ञापन
कॉलेज में गड़बड़ी की शिकायत करना छात्र को पड़ा महंगा

स्थानीय अल्लामा इकबाल कॉलेज के एक छात्र को कॉलेज कर्मी के द्वारा पीटते हुए एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.

विज्ञापन

बिहारशरीफ. स्थानीय अल्लामा इकबाल कॉलेज के एक छात्र को कॉलेज कर्मी के द्वारा पीटते हुए एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक कॉलेज कर्मी छात्र को पहले बेरहमी से जमीन पर पटक देता है. उसके बाद उसपर सवार होकर घुस्सा चलाने का प्रयास कर रहा है. इसके बाद एक व्यक्ति के द्वारा बीच बचाव करने पर कॉलेजकर्मी उस छात्र को धक्का देते हुए तथा धमकाते हुए परिसर से बाहर निकाल देता है. हालांकि प्रभात खबर इस प्रकार की वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है. इधर, इस घटना की शिक्षा जगत में काफी आलोचना हो रही है. उल्लेखनीय है कि अल्लामा इकबाल कॉलेज में छात्रों से अधिक राशि वसूलने के लिए कुछ माह पहले भी बड़ा विवाद सामने आया था. इस कॉलेज में छात्र-छात्राओं तथा अभिभावकों के साथ अक्सर अभद्र व्यवहार करने का मामला आता रहा है. लोगों का कहना है कि यह कॉलेज अल्पसंख्यक घाटा अनुदानित कॉलेज होने का जमकर दुरुपयोग कर रहा है. पहले तो सरकार तथा विश्वविद्यालय द्वारा मिली छूट के कारण मनमाने ढंग से छात्रों का एडमिशन ले लेता है और जब फॉर्म भरने की बारी आती है तो मनमाना शुल्क वसूलता है. घटा अनुदानित कॉलेज होने के बावजूद यह कॉलेज अन्य सभी कॉलेज से अधिक राशि नामांकन तथा परीक्षा फॉर्म भरने के नाम पर वसूल करता है. जब छात्र इसका विरोध करते हैं तो उनके साथ अक्सर कॉलेज कर्मियों के द्वारा मारपीट की जाती है. कई छात्रों ने इस संबंध में बताया कि यह कॉलेज अल्पसंख्यक का दर्जा प्राप्त होने के कारण किसी का कुछ नहीं सुनता है. बल्कि छात्र-छात्राओं के साथ हर कार्य में मनमाना शुल्क वसूलता है. विरोध करने पर छात्र अभिभावकों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है. छात्रों ने जिला प्रशासन से दोषी कर्मचारी पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है. कॉलेज में डिग्री सेमेस्टर -6 की भरी जा रही परीक्षा फॉर्म:- पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय अंतर्गत सभी कॉलेजों में इन दिनों स्नातक सत्र 2023”””””””” 27 की सेमेस्टर – 6 के छात्र-छात्राओं की परीक्षा फॉर्म भरी जा रही है. कई छात्रों ने बताया कि जब दूसरे कॉलेज 1800 रू से 2100 रुपए लेकर परीक्षा फॉर्म भर रहा है तो यहां 2900 रू वसूले जा रहे हैं. किसी भी प्रकार का छूट अथवा राहत मांगने वाले छात्र-छात्राओं के साथ कॉलेज कर्मियों के द्वारा अभद्र व्यवहार तथा मारपीट तक कर दी जाती है. छात्रों ने इस मामले में जिला प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की गई है. विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने घटना की ली जानकारी:- मारपीट की घटना का वीडियो वायरल होने के बाद शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने अल्लामा इकबाल कॉलेज जाकर वहां विगत दिनों हुई मारपीट की घटना की जानकारी ली. विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने कॉलेज के प्राचार्य डॉ हबीबुर रहमान से मुलाकात कर उस घटना के संदर्भ में विस्तृत वार्ता की. उन्होंने दोषी कर्मचारियों पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की. ताकि भविष्य में महाविद्यालय में पढ़ने वाले छात्र- छात्राओं के साथ इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति ना हो. परिषद के सदस्यों ने कहा कि यदि दोषी कर्मचारी पर जल्द से जल्द कार्रवाई नहीं की जाती है तो कॉलेज प्रशासन के विरुद्ध विद्यार्थी परिषद द्वारा आंदोलन चलाया जाएगा. क्या कहते हैं प्राचार्य:- वायरल वीडियो की सत्यता तथा कॉलेज में घटित इस घटना के संबंध में जांच की जा रही है. दोष सिद्ध हो जाने पर कॉलेज प्रशासन के द्वारा दोषी कर्मचारी पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. -डॉ हबीबुर रहमान , प्राचार्य, अल्लामा इकबाल कॉलेज, बिहारशरीफ, नालंदा

विज्ञापन
SANTOSH KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By SANTOSH KUMAR SINGH

SANTOSH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन