नालंदा के सारे में वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, इलाज के दौरान युवक की मौत, किशोर गंभीर रूप से घायल
सदर अस्पताल में मृतक के रोते बिलखते पारिजन
बिहारशरीफ के सारे थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक सुनील कुमार की मौत हो गई. वहीं, उसके साथ सवार किशोर विशाल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. दोनों रक्षाबंधन पर ससुराल से घर लौट रहे थे.
बिहारशरीफ. सारे थाना क्षेत्र के भिखनी बीघा राइस मिल के समीप शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई. हादसे में उसके साथ बाइक पर सवार एक किशोर भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया. दुर्घटना अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई. मृतक की पहचान चंडी थाना क्षेत्र के नैली गांव निवासी स्वर्गीय रुदल चौहान के पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है. वहीं घायल किशोर की पहचान विनोद चौहान के पुत्र विशाल कुमार के तौर पर की गई है. बताया गया है कि विशाल कुमार मृतक सुनील कुमार के रिश्ते में फुफा लगते हैं.
आपके शहर में
रक्षाबंधन पर ससुराल से निकले थे दोनों
परिजनों ने बताया कि सुनील कुमार गुरुवार को अपनी पत्नी के साथ सारे थाना क्षेत्र के जियरपर गांव स्थित ससुराल पहुंचे थे. रक्षाबंधन को लेकर शुक्रवार की सुबह सुनील कुमार और विशाल कुमार बाइक से घूमने के लिए घर से निकले. दोनों भिखनी बीघा राइस मिल के पास पहुंचे ही थे कि इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए.
अस्पताल में इलाज के दौरान सुनील की मौत
हादसे की जानकारी मिलते ही सारे थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया. उपचार के दौरान सुनील कुमार की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई. वहीं विशाल कुमार का अस्पताल में इलाज जारी है.
आवेदन मिलने के बाद होगी कानूनी कार्रवाई
सारे थानाध्यक्ष ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. दोनों घायलों को इलाज के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सुनील कुमार ने दम तोड़ दिया. उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल पुलिस ने सुनील कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए