बिहार में सफाईकर्मियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, सड़कों पर कचरे का अंबार, पुलिस की निगरानी में उठ रहा कूड़ा

Updated:
विज्ञापन
पटना में धरने पर बैठे सफाई कर्मचारी

पटना में धरने पर बैठे सफाई कर्मचारी

Bihar Municipal Workers Strike: बिहार में नगर निकायों के सफाईकर्मियों और ड्राइवरों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी है. राज्यभर में हजारों कर्मचारी काम पर नहीं लौटे हैं, जिससे कई शहरों में कचरे का अंबार लग गया है. हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने पुलिस निगरानी में विशेष सफाई अभियान शुरू किया है और काम में बाधा डालने वालों पर FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं.

विज्ञापन

Bihar Municipal Workers Strike: बिहार के नगर निकायों में सफाईकर्मियों और ड्राइवरों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी है. राज्यभर में हजारों सफाईकर्मी और ड्राइवर काम पर नहीं लौटे हैं. इसका असर अब शहरों की सफाई व्यवस्था पर साफ दिखाई देने लगा है. गली-मोहल्लों और मुख्य सड़कों पर कचरे का ढेर लग गया है. बदबू से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है, वहीं संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ने लगा है.

पटना में 5 हजार कर्मचारी हड़ताल पर

पटना में पांच हजार से अधिक सफाईकर्मी हड़ताल में शामिल हैं. नगर निगम ने वैकल्पिक व्यवस्था से कचरा उठाने की कोशिश शुरू की है, लेकिन हड़ताली कर्मचारी दूसरे कर्मियों को भी काम करने से रोक रहे हैं. इसे देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है.

नगर आयुक्त ने काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं. कई इलाकों में पुलिस की मौजूदगी में कचरा उठाया जा रहा है. विरोध से बचने के लिए रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है.

बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य

नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने सभी सफाई निरीक्षकों और पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया है कि स्थायी, दैनिक और आउटसोर्सिंग एजेंसी के सभी कर्मियों की बायोमेट्रिक और मैनुअल उपस्थिति दर्ज कराई जाए. बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

साथ ही प्रत्येक वार्ड में अतिरिक्त 15 से 20 कर्मियों की टीम बनाकर सफाई कार्य कराने का निर्देश भी दिया गया है.

सफाईकर्मियों से काम पर लौटने की अपील

नगर निगम प्रशासन ने हड़ताली कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील की है. नगर आयुक्त का कहना है कि निगम के अधिकार क्षेत्र से जुड़ी यूनियन की सभी मांगें पहले ही मान ली गई हैं. बाकी मांगों को भी सरकार के पास भेज दिया गया है. उन्होंने जनहित को देखते हुए हड़ताल खत्म करने की अपील की है.

दरभंगा में भी बिगड़े हालात

दरभंगा में करीब 1500 सफाईकर्मी तीसरे दिन भी हड़ताल पर हैं. शहर में रोजाना लगभग 10 टन कचरे का उठाव होता है, लेकिन तीन दिनों से सफाई पूरी तरह ठप है. नगर निगम परिसर में धरना दे रहे कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. उन्होंने समान काम के बदले समान वेतन समेत अपनी तीन सूत्री मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की.

बिहारशरीफ में 250 टन कचरा नहीं उठा

नालंदा के बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र में भी सफाई व्यवस्था चरमरा गई है. करीब 1300 सफाईकर्मी निगम के मुख्य गेट पर धरना दे रहे हैं. रोजाना करीब 250 टन कचरे का उठाव होता है, लेकिन हड़ताल के कारण यह पूरी तरह बंद है. शहर के कई इलाकों में कचरे का अंबार लग गया है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

सुपौल में भी बढ़ी मुश्किलें

सुपौल नगर परिषद क्षेत्र में भी सफाईकर्मियों की हड़ताल जारी है. सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा होने लगा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तक नगर परिषद की ओर से कोई प्रभावी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे परेशानी लगातार बढ़ रही है.

बीमारियों का बढ़ा खतरा

लगातार तीन दिनों से सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के कारण शहरों में गंदगी बढ़ गई है. विशेषज्ञों का मानना है कि लंबे समय तक कचरा जमा रहने से संक्रमण और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. ऐसे में प्रशासन जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था सामान्य करने की कोशिश में जुटा है, जबकि हड़ताली कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं. फिलहाल पूरे राज्य में इस हड़ताल का असर आम लोगों के दैनिक जीवन पर साफ दिखाई दे रहा है.

Also Read: क्या मंत्री दीपक प्रकाश पूरे 5 साल पद पर बने रहेंगे? देवेश कुमार के इस्तीफे से टला संकट, लेकिन कहानी अभी खत्म नहीं हुई



विज्ञापन
अभिनंदन पांडेय

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन