समस्तीपुर मंडल के स्टेशनों पर लगेगा पैनिक बटन,सायरन बजते ही दौड़ेगी सुरक्षा टीम

सांकेतिक तस्वीर
Bihar Railway : रेल यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए समस्तीपुर मंडल के ए, बी और सी श्रेणी के रेलवे स्टेशनों पर पैनिक इमरजेंसी सिस्टम लगाया जाएगा. इस सिस्टम के जरिए किसी भी खतरे की स्थिति में यात्री या कर्मचारी एक बटन दबाकर तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर सकेंगे.
Bihar Railway : समस्तीपुर रेल मंडल ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए सभी प्रमुख स्टेशनों पर ‘पैनिक इमरजेंसी सिस्टम’ लगाने का फैसला किया है.
अब किसी भी अनहोनी या खतरे की स्थिति में यात्रियों को घबराने की जरूरत नहीं होगी. बस एक बटन दबाते ही स्टेशन पर सायरन गूंज उठेगा और चंद मिनटों में सुरक्षा टीमें मौके पर पहुंच जाएंगी.
जानें कैसे काम करेगा यह सिस्टम
समस्तीपुर मंडल में सभी श्रेणी के स्टेशनों पर लगाए जा रहे इस पैनिक बटन को विशेष रूप से आपातकालीन स्थितियों के लिए डिजाइन किया गया है. स्टेशन के हर प्लेटफॉर्म और टिकट काउंटर के पास एक चमकदार लाल रंग का बड़ा बटन लगाया जाएगा.
यदि किसी यात्री को प्लेटफॉर्म पर कोई संदिग्ध वस्तु दिखती है, कोई अप्रिय घटना होती है या सुरक्षा संबंधी कोई खतरा महसूस होता है, तो वह तुरंत इस बटन को दबा सकेगा. बटन दबते ही पूरे स्टेशन परिसर में एक जोरदार सायरन बजेगा, जो यात्रियों को सतर्क करने के साथ-साथ आरपीएफ (RPF) और जीआरपी (GRP) को तुरंत अलर्ट कर देगा.
सीतामढ़ी-दरभंगा समेत इन शहरों की बारी
इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को अमलीजामा पहनाने के लिए एक निजी एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपी गई है. पहले चरण में सहरसा-मानसी रेलखंड के स्टेशनों पर सिस्टम लगाने का काम युद्ध स्तर पर शुरू हो चुका है.
दूसरे चरण में सीतामढ़ी, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, बापूधाम मोतिहारी और बेतिया जैसे बड़े स्टेशनों को इस सुरक्षा कवच से लैस किया जाएगा.
कंट्रोल रूम से होगी लाइव मॉनिटरिंग
इस पूरे सिस्टम की सबसे बड़ी खूबी इसकी ऑनलाइन मॉनिटरिंग है. जैसे ही किसी स्टेशन पर पैनिक बटन दबेगा, इसकी सूचना तुरंत समस्तीपुर मंडल मुख्यालय के कंट्रोल रूम को मिल जाएगी. इससे वरिष्ठ अधिकारियों को यह पता चल जाएगा कि किस स्टेशन के किस प्लेटफॉर्म पर इमरजेंसी है.
इस सिस्टम का दुरुपयोग करने वाले या बिना वजह सायरन बजाकर अफरा-तफरी फैलाने वाले शरारती तत्वों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पूरा स्टेशन परिसर सीसीटीवी कैमरों की जद में रहेगा, जिससे बटन दबाने वाले की पहचान तुरंत हो सकेगी.
रियल-टाइम’ अलर्ट
अब तक किसी भी घटना की सूचना देने के लिए यात्रियों को सुरक्षाकर्मियों को ढूंढना पड़ता था या हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करना पड़ता था, जिसमें कीमती समय बर्बाद होता था. इस नए सिस्टम के आने से ‘रियल-टाइम’ रिस्पॉन्स सुनिश्चित होगा.
यह तकनीक न केवल अपराधों को रोकने में मददगार साबित होगी, बल्कि चिकित्सा आपातकाल जैसी स्थितियों में भी जीवन रक्षक बन सकती है.
Also Read: अररिया में युवक की बेरहमी से हत्या, सिर धड़ से किया अलग, हत्यारे की जमकर हुई पिटाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




