बिहार पुलिस लाइन में हाई स्कूल, पुलिस दीदी और AI से बदलेगी पुलिस व्यवस्था

Deputy Chief Minister and Home Minister Samrat Choudhary inaugurating Bihar Police Week
Bihar News: बिहार पुलिस को आधुनिक और स्मार्ट बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने नई पहल की है. उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार पुलिस सप्ताह के उद्घाटन पर कई अहम योजनाओं का एलान किया, जिनमें पुलिस लाइनों में हाई स्कूल खोलना, ‘पुलिस दीदी’ पहल शुरू करना और अपराध नियंत्रण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग शामिल है.
Bihar News: बिहार पुलिस सप्ताह 2026 का आगाज एक नई उम्मीद और आधुनिक बदलावों के साथ हुआ है. उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने आज ‘मिथलेश अकादमी’ में इस विशेष सप्ताह का शुभारंभ करते हुए पुलिस महकमे के लिए घोषणाओं की झड़ी लगा दी.
अब बिहार की हर पुलिस लाइन में हाई स्कूल खोले जाएंगे, ताकि पुलिसकर्मियों के बच्चों को शिक्षा के लिए भटकना न पड़े. इसके साथ ही, महिला सुरक्षा को एक नया आयाम देने के लिए ‘पुलिस दीदी’ पहल और अपराध अनुसंधान को सटीक बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को शामिल करने का बड़ा निर्णय लिया गया है.
पुलिस सप्ताह को बताया सेवा और समर्पण का प्रतीक
कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री ने कहा कि पुलिस सप्ताह केवल उत्सव नहीं बल्कि जनता और पुलिस के रिश्ते को मजबूत करने का अवसर है. उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका बेहद अहम है और सरकार पुलिस बल को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री नीतिश कुमार के नेतृत्व में सरकार पुलिस व्यवस्था को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दे रही है.
‘पुलिस दीदी’ और AI से स्मार्ट पुलिसिंग
बिहार पुलिस अब अपराधियों से दो कदम आगे रहने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सहारा लेगी. सम्राट चौधरी के अनुसार, साइबर अपराध आज की सबसे बड़ी चुनौती है, जिससे निपटने के लिए पुलिस को आधुनिक सॉफ्टवेयर और एआई तकनीक से लैस किया जा रहा है. अधिकारियों को दूसरे राज्यों में जाकर साइबर अनुसंधान की नई तकनीकें सीखने का निर्देश दिया गया है.
महिलाओं के मन से पुलिस का डर निकालने और उन्हें सुरक्षा का एहसास कराने के लिए ‘पुलिस दीदी’ की पहल शुरू की जा रही है. यह विंग विशेष रूप से महिलाओं से जुड़े संवेदनशील मामलों में मददगार साबित होगी.
पुलिसकर्मियों के बच्चों के लिए शिक्षा की नई सुविधा
गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने पुलिसकर्मियों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए एक ऐतिहासिक घोषणा की. उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात जनता की सेवा में लगे रहते हैं, ऐसे में उनके बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी सरकार की है. अब राज्य की प्रत्येक पुलिस लाइन में अत्याधुनिक हाई स्कूल स्थापित किए जाएंगे.
पुलिस लाइनों में ‘जीविका दीदी की रसोई’ की शुरुआत की जाएगी, जिससे पुलिसकर्मियों को पौष्टिक भोजन मिलेगा और स्थानीय महिलाओं को रोजगार. लंबित पड़े पुलिस लाइन भवनों के निर्माण कार्य को भी समय सीमा के भीतर पूरा करने का सख्त निर्देश दिया गया है., ताकि पुलिस बल को बेहतर रहने और काम करने का माहौल मिल सके.
नक्सल मुक्त बिहार, अब साइबर अपराध पर फोकस
गृह मंत्री ने कहा कि राज्य अब नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है, लेकिन साइबर अपराध नई चुनौती बनकर उभर रहा है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अन्य राज्यों से नई तकनीक और प्रशिक्षण लेकर साइबर अपराध से निपटने की तैयारी मजबूत करें.
एडीजी कमल किशोर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस सप्ताह के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में ‘वायब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ चलाया जाएगा. नेपाल बॉर्डर से सटे गांवों में एसएसबी (SSB) के सहयोग से विशेष जागरूकता अभियान शुरू होगा. इसका उद्देश्य सीमावर्ती इलाकों के लोगों के साथ बेहतर तालमेल बिठाना और सुरक्षा को अभेद्य बनाना है. 27 फरवरी को ‘पुलिस दिवस’ के मौके पर हर जिले में सामुदायिक संवाद के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.
Also Read: बिहार में बदल रही जेलों की तस्वीर, देश में शिक्षा के मामले में बना नंबर वन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




