ePaper

Bihar Election Update 2020 : नीतीश का तंज, जिस पैसे के लिए जेल गये, उसी से 10 लाख को वे वेतन देंगे क्या, कहां से लायेंगे पैसा

Updated at : 21 Oct 2020 6:20 AM (IST)
विज्ञापन
Bihar Election Update 2020 : नीतीश का तंज, जिस पैसे के लिए जेल गये, उसी से 10 लाख को वे वेतन देंगे क्या, कहां से लायेंगे पैसा

Bihar Election Update 2020 : सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने राज्य में छह लाख से अधिक लोगों को रोजगार दिया है.

विज्ञापन

पटना : जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कुछ लोग 10 लाख नौकरी देने का दावा कर रहे हैं, लेकिन यह नहीं बता रहे कि आखिर इसके लिए पैसा कहां से लायेंगे. उन्होंने बिना किसी का नाम लिये बिना कहा कि जिसके लिए वे जेल गये, उसी पैसे को निकालकर नौकरी देंगे क्या? क्या ऊपर से पैसा आयेगा, या फिर वे लोग नकली नोट छापेंगे?

उन्होंने मंगलवार को पांच विधानसभा क्षेत्र गोपालगंज जिले के भाेरे, सीवान के जीरादेई व रघुनाथपुर, जहानाबाद और पटना के मसौढ़ी में एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में सभाओं को संबोधित किया. सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने राज्य में छह लाख से अधिक लोगों को रोजगार दिया है.

60 से 70 हजार लोगों को नौकरी देने की प्रक्रिया चल रही थी. इसके साथ ही 10 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार कौशल दिया गया. कंप्यूटर कौशल और रोजगार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि कंप्यूटर कौशल के बिना नौकरी प्राप्त करना बहुत कठिन है.

लोगों को रोजगार देने के लिए और उन्हें कुशल बनाने के लिए हमारी सरकार ने कुशल युवा कार्यक्रम शुरू किया. वहां युवाओं को कंप्यूटर चलाना, संवाद कौशल, व्यवहार कौशल सिखाया गया. हमने 10 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया है, ताकि उन्हें रोजगार मिल सके.

महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में अपने सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में प्रशासन और शासन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है. हमने पंचायत में महिलाओं के लिए आरक्षण दिया, पुलिस बल में महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें बढ़ायीं.

उन्होंने दावा किया कि देश के किसी भी राज्य के मुकाबले बिहार में सबसे अधिक मात्रा में महिलाएं पुलिस बल में कार्यरत हैं. उन्होंने कहा कि क्या राज्य ने कभी महिलाओं को पुलिस में देखा था? हमने पुलिस बल में महिलाओं के लिए 35% आरक्षण दिया.

नीतीश कुमार ने वादा किया कि अगर जदयू फिर सत्ता में आयेगा तो हर गांव में सौर स्ट्रीट लाइटें लगायी जायेंगी. हमने पहले ही हर घर में बिजली पहुंचायी. अब राज्य में 6000 मेगावाट से अधिक बिजली की खपत हो रही है. हमारा लक्ष्य है कि अबकी बार हर गांव को सोलर स्ट्रीट लाइट से रोशन किया जायेगा.

Posted by Ashish Jha

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन