बिहार: कहीं घर में घुसकर दंपति को मारी गोली, तो कहीं बेटे ने पिता का रेता गला, क्राइम की 5 बड़ी खबरें पढ़ें..

सांकेतिक फोटो
Listicle Story: बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. इन दिनों अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही. कहीं घर के अंदर घुसकर अपराधी गोली मार रहे हैं तो कहीं घर से बाहर बुलाकर पत्रकार को गोली मारी गयी और मौत के घाट उतारा गया. कई जगहों पर रिश्ते में ही कत्ल हुआ. जानिए 5 प्रमुख घटनाएं..
Bihar Crime News: बेगूसराय के तेघड़ा थाना क्षेत्र की धनकौल पंचायत की सरपंच मीना देवी के घर पर शुक्रवार की सुबह को दो बाइकों पर सवार चार अपराधियों ने गोलीबारी कर दहशत फैला दी. अपराधियों के द्वारा हवाई फायरिंग करते ही सरपंच के पति सुबोध राय ने घर में घुस कर अपनी जान बचायी. बेगूसराय पुलिस का वांटेड कुख्यात अपराधी शिवलोचन राय उर्फ लुसिया गिरोह के गुर्गे ने सरपंच के पति सुबोध राय को टारगेट कर घर के बाहर चार राउंड फायरिंग की. धनकौल पंचायत की महिला सरपंच मीना देवी के घर की दीवारों व खिड़की के शीशे पर गोलियों के निशान मौजूद हैं. पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल का तीन खोखा बरामदकिया है. महिला सरपंच के घर पर अपराधियों द्वारा फायरिंग करने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है. घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गयी.
अररिया के रानीगंज निवासी पत्रकार विमल यादव उर्फ पप्पू की अपराधियों ने शुक्रवार की सुबह गोली मार कर हत्या कर दी. पुलिस हत्या का कारण आपसी रजिश बता रही है. इधर, पत्रकार की हत्या की खबर सुन कर लोग आक्रोशित हो गये. अररिया सदर अस्पताल में पुलिस को पत्रकारों व स्थानीय लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा. उल्लेखनीय हो कि विमल के भाई की भी अपराधी पूर्व में हत्या कर चुके हैं. इस हत्याकांड की सुनवाई अंतिम चरण में है. अंतिम गवाही विमल यादव की होनी थी कि ठीक इससे पहले उनकी हत्या हो गयी. इधर, पुलिस मुख्यालय ने फोन पर अररिया एसपी से पूरे मामले की जानकारी ली है और विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की सुबह चार की संख्या में अज्ञात अपराधी विमल के घर पहुंचे. घर के बाहर से विमल भैया कहकर उन्हें आवाज लगायी. बाहर निकलते ही अपराधियों ने विमल पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गये. गोली दिवंगत पत्रकार के सीने में लगी. आनन-फानन में परिजन व स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें इलाज के लिये रानीगंज रेफरल अस्पताल लाया गया. जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र के धोवघट गांव में खाना खाने बैठे दंपती को अपराधी ने गोली मारकर घायल कर दिया है. परिजनों द्वारा दोनों घायलों को इलाज के लिए गिद्धौर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. जहां चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.जानकारी के अनुसार, दोनों को हायर सेंटर पटना रेफर किया गया है. घायल की पहचान धोवघट गांव निवासी के उमेश सिंह के पुत्र विशाल सिंह व उनकी पत्नी नीलू सिंह के रूप में हुई है. बताया जाता है कि शुक्रवार की देर शाम पति-पत्नी घर के छत पर खाना खाने के लिए बैठे थे. इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने गोली चला दी. पति-पत्नी को एक-एक गोली लगी है. घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची. मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी है. फिलहाल दोनों घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है.
भागलपुर के सबौर थाना क्षेत्र के बीएयू स्थित आवासीय परिसर के क्वार्टर में रह रहे सेवानिवृत पंप गार्ड धनंजय मंडल (65) का गला उनके बेटे राजेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने ही चाकू से रेत दिया. घटना के बाद उन्हें गंभीर स्थिति में मायागंज स्थित जेएलएनएमसीएच अस्पताल मे भर्ती कराया गया. घटना में घायल धनंजय मंडल की पत्नी सुनैना देवी भी बीच बचाव में चोटिल हो गयी. घटना को अंजाम देने के बाद राजेंद्र सरेंडर करने के लिए खुद ही सबौर थाना पहुंच गया. जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. घटना के बाद घायल धनंजय मंडल के परिवार के लोग भी घर और अस्पताल पहुंचे. इधर सबौर पुलिस ने मायागंज अस्पताल पहुंच कर घायल का फर्द बयान दर्ज किया. इसके आधार पर सबौर थाना में केस दर्ज किया गया.
मोतिहारी के पिपरा चकबारा के युवक सुमित कुमार (30) की चाकू गोदकर हत्या कर दी गयी. उसका शव शुक्रवार को उसके ममहर महुआवा गांव से बरामद हुआ. हत्यारों ने सुमित के शरीर पर 15-20 जगह चाकू से वार मौत के घाट उतारा. सूचना मिलते ही चकिया डीएसपी सत्येंद्र कुमार सिंह व पिपरा थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने घटना स्थल पर पहुंच छानबीन की. उसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिजनों ने सुमित की हत्या का आरोप उसके ममेरे भाई विशाल कुमार पर लगाया है. घटना के बाद से विशाल घर से फरार है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ThakurShaktilochan Sandilya
डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




