ePaper

Bihar: भागलपुर में महिला को चाकू दिखाकर कहा- बच्चे को स्कूल छोड़कर वापस आओ, लौटी तो लूट लिये सारे जेवर

Updated at : 12 Oct 2022 12:00 PM (IST)
विज्ञापन
Bihar: भागलपुर में महिला को चाकू दिखाकर कहा- बच्चे को स्कूल छोड़कर वापस आओ, लौटी तो लूट लिये सारे जेवर

Bihar Crime News: भागलपुर में बदमाशों ने बेखौफ होकर एक महिला के सारे गहने उतरवा लिये और लेकर फरार हो गये. बदमाशों ने चाकू दिखाकर महिला को डराया और बच्चे को स्कूल गेट के अंदर छोड़कर आने को कहा. उसके बाद घटना को अंजाम दिया गया.

विज्ञापन

Bihar Crime News: भागलपुर के तिलकामांझी थाना क्षेत्र के माउंट असीसी स्कूल गली में मंगलवार सुबह कुछ अपराधियों ने एक महिला को चाकू दिखा धमकाया और उनके सोने के सारे जेवरात उतरवा मोबाइल लूट लिया. घटना के बाद महिला गली में ही बैठ कर शोर मचा कर रोने लगी. यह देख वहां लाेग जुटे और उन्होंने फौरन इस बात की सूचना तिलकामांझी पुलिस को दी.

सीसीटीवी कैमरों में कैद घटना

मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कूल सहित सड़क किनारे घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला. इसमें दो लोगों को महिला से बातचीत करते हुए पाया गया. इधर तिलकामांझी थाना पहुंची महिला ने मामले को लेकर लिखित आवेदन दिया है. इसके आधार पर पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

चाकू दिखाकर बच्चे को स्कूल छोड़कर वापस आने कहा

पीड़ित महिला जयंत सिंह की पत्नी प्रियंका सिंह ने बताया कि वे लोग डीआइजी कोठी के समीप नौलखा अपार्टमेंट में रहती हैं. हर रोज वह अपने बेटे को छोड़ने के लिये स्कूल आती हैं. मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे भी वह अपने बेटे को छोड़ने के लिये पहुंची थी. जहां बड़ी पोस्ट ऑफिस के पास से ही दो अपराधी उनका पीछा कर साथ चलने लगे. साथ चलते हुए उन्होंने अपने पास से चाकू निकाला और दिखा कर कहा कि चुपचाप जा कर बच्चे को स्कूल गेट के भीतर छोड़ कर वापस आओ.

Also Read: बिहार के भागलपुर में फिर मिला विषैला रसेल वाइपर सांप, काटते ही सड़ने लगता है अंग, चंद सेकेंड में मौत तय
बच्चो को किडनैप कर गोली मारने की धमी

महिला ने बताया कि अपराधियों को सारी जानकारी थी. यह भी कहा कि उनका देवर भी बच्चे को छोड़ने के लिये स्कूल आता है. ज्यादा होशियारी करने पर वह बच्चो को किडनैप कर गोली मार देंगे. बच्चे को छोड़ने के बाद जैसे ही वह स्कूल से बाहर आयी तो उक्त दोनों अपराधी उन्हें चाकू की नोक पर बड़ी पोस्ट ऑफिस के गेट पर लेकर चले गये.

महिला से छीने गहने

बदमाशों ने महिला के गले से एक सोने का मंगलसूत्र, सोने का चेन, सोने के कंगन और सोने की कान की बाली उतरवा ली. यह करीब पांच से छह लाख रुपये की थी. साथ ही अपराधियों ने उनका मोबाइल भी छीन लिया और वहां से फरार हो गये.

सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में अपराधियों का चेहरा स्पष्ट

तिलकामांझी थानाध्यक्ष एसआइ राज रतन ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है. सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में अपराधियों का चेहरा स्पष्ट है. जल्द ही उनकी पहचान कर गिरफ्तारी की जायेगी और लूटे गये सामानों को बरामद कर लिया जायेगा.

Published By: Thakur Shaktilochan

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन