क्या पटना से नहीं जुड़ेगा बिहार में बनने वाला नया 336 किमी एक्सप्रेसवे? जानिए कैसे मिलेगी कनेक्टिविटी
बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेसवे की सांकेतिक तस्वीर
Buxar Bhagalpur Greenfield Expressway: बिहार में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने वाली एक बड़ी परियोजना को मंजूरी मिली है. बक्सर से भागलपुर के बीच करीब 336 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा. करीब 3700 करोड़ रुपये की इस परियोजना से 13 जिलों के बीच सफर आसान होने की उम्मीद है. पटना को भी जहानाबाद के रास्ते इससे जोड़ा जाएगा.
Buxar Bhagalpur Greenfield Expressway: बिहार कैबिनेट ने बक्सर-भागलपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण को मंजूरी दे दी है. करीब 336 किलोमीटर लंबी इस सड़क के लिए डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ चुकी है. परियोजना की अनुमानित लागत करीब 3700 करोड़ रुपये बताई गई है. यह एक्सप्रेसवे मौजूदा सड़क को चौड़ा करके नहीं, बल्कि नए ग्रीनफील्ड एलायनमेंट पर तैयार किया जाएगा. अलग-अलग जगहों पर इसे पहले से मौजूद सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ा जाएगा.
आपके शहर में
13 जिलों से होकर गुजरेगा एक्सप्रेसवे
बक्सर से शुरू होने वाला यह एक्सप्रेसवे भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, जमुई और बांका होते हुए भागलपुर के बाहरी इलाके तक पहुंचेगा.
बक्सर के बाद सड़क नए एलायनमेंट के जरिए भोजपुर पहुंचेगी. इसके बाद अरवल और जहानाबाद होते हुए गया की तरफ इसका विस्तार होगा. आगे नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, जमुई और बांका के रास्ते भागलपुर से कनेक्शन तैयार किया जाएगा.
इस रूट की खास बात यह है कि कई ऐसे इलाके भी इससे जुड़ेंगे, जहां अभी जिलों के बीच सीधी और सुगम सड़क कनेक्टिविटी सीमित है.
पटना से कैसे पहुंचेंगे एक्सप्रेसवे पर?
पटना को इस एक्सप्रेसवे से सीधे नहीं जोड़ा जाएगा. राजधानी से एक्सप्रेसवे तक पहुंचने के लिए जहानाबाद सबसे अहम कनेक्टिंग प्वाइंट होगा. पटना और जहानाबाद के बीच पहले से फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग मौजूद है. इसी मार्ग का इस्तेमाल करके जहानाबाद में नए एक्सप्रेसवे को कनेक्टिविटी देने की योजना है. जहानाबाद से एक्सप्रेसवे पर पहुंचने के बाद गया और आगे के जिलों की ओर जाना आसान होगा.
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से भी जुड़ने की योजना
बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेसवे को उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने की भी योजना है. इस कनेक्शन के बाद बिहार के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों के कई जिलों को उत्तर प्रदेश के रास्ते दिल्ली की ओर बेहतर सड़क संपर्क मिल सकता है. इससे लंबी दूरी के सफर के साथ-साथ माल ढुलाई और व्यापारिक गतिविधियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
PPP मॉडल पर होगा निर्माण, देना होगा टोल
प्रस्तावित एक्सप्रेसवे का निर्माण पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर किया जाना है. इसमें निजी क्षेत्र की कंपनी परियोजना के निर्माण में निवेश करेगी और एक्सप्रेसवे के इस्तेमाल पर वाहनों से टोल लिया जाएगा.
इस परियोजना के पूरा होने के बाद बिहार के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों के बीच सड़क संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है. साथ ही, 13 जिलों को बेहतर हाईवे नेटवर्क से जोड़ने में भी यह एक्सप्रेसवे महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.
इसे भी पढ़ें: TRE-4 की पीटी में बदल सकता है सिलेबस, बिहार से होंगे 30% प्रश्न, शिक्षा विभाग ने BPSC को भेजा पत्र
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए