Bihar Breaking News: बेतिया में आग लगने से कई घर जलकर राख, लाखों का हुआ नुकसान
Bihar Breaking News : बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…
34 लीटर देसी शराब के साथ महिला धंधेबाज गिरफ्तार
वैशाली जिला के राजापाकर थाने की पुलिस ने बाजार स्थित वार्ड नंबर नौ से एक महिला को 34 लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया. प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार महिला धंधेबाज को जेल भेज दिया गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अरविंद शर्मा की पत्नी शकीला देवी अपने घर से चोरी छिपे देसी शराब की धंधेबाजी करती है और घर में भारी मात्रा में देसी शराब छुपा कर रखी है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने छापेमारी कर महिला के घर से 34 लीटर देसी शराब बरामद की. मौके पर धंधेबाज शकीला देवी को गिरफ्तार कर लिया.
पूर्णिया में आग में झुलसने से दो मासूम बच्चों की मौत
पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र के हरिणकोल गांव में खेत-कामत के घर में आग लगने से उसमें सो रहे दो बच्चे की मौत हो गयी. आग बुझाने जुटे ग्रामीणों को भनक तक नहीं लगी कि उसके अंदर दोनों बच्चे सो रहे हैं. आग पर काबू पाने के बाद जब दोनों बच्चों के शव मिले तो पूरे गांव में कोहराम मच गया. मृतकों में हरिणकोल गांव के श्यामलाल बेसरा के पांच वर्षीय पुत्र आनंद बेसरा एवं कालीबाग निवासी बबलू टुडू का सात वर्षीय पुत्र कृष्णा टुडू शामिल थे. दोनों अबोध बालक शामलाल बेसरा के नाती-पोता बताये गये. पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष कुमार अभिनव ने बताया कि घटनास्थल से दोनों अबोध के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची अग्निशमन सेवा की टीम ने आग को पूरी तरह से बुझा दिया
कटिहार-पूर्णिया सड़क पर हादसे में एक की दर्दनाक मौत
कटिहार-पूर्णिया एनएच 131ए सड़क के भासना पेट्रोल पंप के समीप सड़क हादसे में बुधवार को एक की मौत हो गयी. कटिहार से राजमिस्त्री का काम कर हसनगंज कालसर अपने घर लौट रहे 60 वर्षीय दिनेश मंडल की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गयी. मौके पर प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हसनगंज प्रखंड के कालसर गांव निवासी दिनेश मंडल को भासना पेट्रोल पंप समीप एनएच 131ए पथ पर एक अज्ञात वाहन ने ठोकर मारकर फरार हो गया. इसमें मौके पर दिनेश मंडल की दर्दनाक मौत हो गयी. हादसे की सूचना मिलते ही मुफस्सिल पुलिस घटना स्थल पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर जांच में जुट गयी. साथ ही घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंच शव से लिपटकर विलाप करने लगे.
सोनपुर मेले में खाद्य सामग्री दुकानों पर छापा, दर्जन भर नमूने लिए गये
हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में डीएम अमन समीर तथा सिविल सर्जन डॉ सागर दुलाल सिन्हा के निर्देशानुसार खाद्य संरक्षा विभाग की टीम द्वारा बुधवार को छापेमारी की गयी. खाद्य संरक्षा पदाधिकारी सह अभिहीत पदाधिकारी नारायण राम के नेतृत्व में मेले में मिठाई की विभिन्न दुकानों पर जांच कर एक दर्जन खाद्य सामग्रियों के नमूने लिये गये. वहीं इस दौरान एक ओर जहां खुले में खाद्य सामग्रियों को बेचने वाले दुकानदारों के स्टॉल को कपड़े से ढ़कवाया गया. साथ ही हर हाल में ताजा खाद्य सामग्री आम जनों को पड़ोसने का निर्देश भी दिया गया. जांच के दौरान टीम के पदाधिकारियों के द्वारा ट्रे में रखी बासी जलेबी को पदाधिकारियों ने अपनी उपस्थिति में फेकवाया. इस दौरान टीम में नीतेश कुमार एवं विष्णु भगवान सिंह शामिल थे. टीम के नेतृत्वकर्ता खाद्य संरक्षा पदाधिकारी नारायण राम ने कहा कि मेले में खाद्य सामग्रियों की जांच का कार्य लगातार चलेगा. वहीं मिलावटी एवं बासी सामान बेचने वाले दुकानदारों के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की जायेगी.
मोतिहारी में पोखरा में डुबने से किशोर की मौत
मोतिहारी के बंजरिया थाना क्षेत्र के रोहिनिया गांव के समीप स्थित पोखरा में बुधवार को स्नान करने के दौरान एक किशोर की डूब कर मौत हो गयी. मृत किशोर का पहचान चिरैया थाना के कोल्हुआरवा गांव निवासी स्व. धर्मेन्द्र कुमार यादव के 10 वर्षीय पुत्र प्रियम कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद मृत किशोर के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोखरा से बरामद कर छानबीन करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
आग लगने से कई घर जलकर राख, लाखों का हुआ नुकसान
पश्चिम चंपारण के चनपटिया के लखौरा पंचायत अंतर्गत मिश्रालिया गांव में आग लगने से कई घर जलकर राख हो गए. अगलगी की इस घटना में लाखों का नुकसान हुआ है. इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. शार्ट सर्किट को बताया जा रहा है आग लगने का कारण.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए