Bihar Breaking News Live: मोतिहारी में राइस मिल के मुंशी की गोली मारकर हत्या, चालक घायल

Updated:
विज्ञापन

Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…

विज्ञापन

मोतिहारी में चावल मिल के गेट पर फायरिंग, एक की मौत

रामगढ़वा (पूचं). राष्ट्रीय राजमार्ग 527 डी स्थित थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर के जेके राइस मिल के गेट के सामने ही लहना वसूली कर पहुंचे मिल के मुंशी व चालक पर लूट की नीयत से पहले से घात लगाये अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इसमें मुंंशी दिलीप सिंह की मौत हो गयी. चालक की स्थिति नाजुक है, उसका इलाज रक्सौल स्थित एसआरपी अस्पताल में चल रहा है. घटना रविवार को देर शाम की है. एसडीपीओ धीरेन्द्र कुमार, थानाध्यक्ष इन्द्रजीत पासवान एसआरपी अस्पताल पहुंचकर मिल के संचालक जटाशंकर प्रसाद से घटना की जानकारी ली. अस्पताल की घेराबंदी कर आवश्यक कार्रवाई में जुट गये. गोली चलने की आवाज सुनकर घटना स्थल पर लोगों की काफी भीड़ इकट्ठी हो गयी. जानकारी के अनुसार मिल के मुंशी दिलीप सिंह मिल मालिक की सफारी गाड़ी से लहना की वसूली में गये थे. गाड़ी आमोदेई का चालक सुरेश यादव चला रहा था. गाड़ी रामगढ़वा की ओर से मिल के गेट पर पहुंची. बंद गेट को खुलने का इंतजार कर रहे थे कि पीछे से बिना नंबर की सिल्वर कलर की बोलेरो पर सवार पांच-सात की संख्या में आये अपराधी अंधाधुंध फायरिंग कर रक्सौल की ओर फरार हो गये. अपराधियों ने पहले से ही भीतर से बंद गेट में बाहर से रॉड लगाकर जाम कर दिया था. इसमें दिलीप सिंह व सुरेश यादव दोनों को गोली लग गयी. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी रक्सौल की ओर फरार हो गये. वहीं घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़वा थाने की पुलिस मौक़े पर पहुंची. घायलों को पुलिस गाड़ी में लादकर एसआरपी अस्पताल आनन-फानन में पहुंचाया. वहां पर चिकित्सकों ने दिलीप को मृत घोषित कर दिया. सुरेश यादव की हालत गंभीर है. उसका इलाज चल रहा है. डीएसपी धीरेन्द्र कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही.

मोतीपुर :शराब तस्कर सहित कई आरोपी गिरफ्तार

मोतीपुर. थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव में पुलिस ने छापेमारी कर पत्नी से मारपीट करने के मामले के फरार वारंटी मुकेश पासवान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. वहीं महना से 12 लीटर देसी शराब के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया. तस्करों में मोरसंडी निवासी लखिन्द्र राय, महना निवासी सुनील कुमार, साढ़ा गांव निवासी सूरज कुमार व अमित कुमार है. थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को रविवार को जेल भेज दिया गया है. इधर, बरुराज पुलिस ने छापेमारी कर श्रीरामपुर से पांच लीटर देसी शराब के साथ कथैया थाना क्षेत्र के कथैया निवासी मनोज महतो एवं हरनाही गांव से शराब बरामदगी मामले के फरार तस्कर राकेश दास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. थानाध्यक्ष संजीव कुमार दुबे ने जेल भेजे जाने की पुष्टि की है.

दुपट्टे का फंदा बना पंखे से लटक युवती ने की आत्महत्या

पहाड़पुर. थाना क्षेत्र के पश्चिमी सिसवा पंचायत के वार्ड नंबर 13 सिसवा चौबे टोला गांव में रविवार अहले सुबह एक युवती ने अपने दुपट्टे का फंदा लगा कर पंखे से लटक कर आत्महत्या कर लिया. मृतका उक्त गांव निवासी रामनाथ ओझा की पुत्री रंजना कुमारी (19 ) है. मृतका के पिता बाहर रह कर काम करते हैं. घर पर मृतका का इकलौता एक बड़ा भाई और भौजाई ही रहते हैं. पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. मृतका के भाई रंजीत ओझा ने बताया कि शनिवार की रात घर के सभी लोग खाना खा कर सो गए थे. रविवार सुबह रंजना के रूम का दरवाजा बंद देख दरवाजा खटखटा कर व आवाज देकर उसे जगाया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर बाहर खिड़की से देखा तो उसका शव पंखे से लटक रहा था, जिसके बाद दरवाजा का कुंडी तोड़कर शव को नीचे उतारा गया. थानाध्यक्ष अम्बेश कुमार ने बताया कि मृतका का मोबाइल जब्त कर आत्महत्या से जुड़े सभी पहलुओं की सूक्ष्म जांच की जा रही है.

तालाब में नहाने के दौरान डूबा छह साल का मासूम, मातम

केवटी. लदारी गांव स्थित दुर्गा मंदिर के निकट के तालाब में रविवार को नहाने के दौरान श्रवण कामति के छह वर्षीय पुत्र सागर कामति की मौत हो गयी. बताया जाता है कि सागर अपने दोस्तों के साथ तालाब में स्नान करने गया था. नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूब गया. उसे डूबते देख अन्य दोस्तों ने शोर मचाते हुए स्थानीय लोगों को जानकारी दी. लोगों ने सागर को तालाब से निकाल कर उसे सीएचसी केवटी-रनवे ले गये, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया. सागर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मां मालती देवी की चित्कार से माहौल गमगीन हो गया. इधर, सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सीएचसी पहुंची. शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया.

चौर में खुद गड्ढे में डूबा जकौली का युवक, मौत

बेनीपुर. माधोपुर पंचायत के जकौली निवासी नरेश यादव के 20 वर्षीय पुत्र रोहित यादव की मौत रविवार को डूबने से हो गयी. बताया जाता है कि माधोपुर व धरौड़ा के बीच चौर में जेसीबी से खुदे बड़े गड्ढे में वह शौच करने गया था. इसी दौरान पांव फिसल जाने के कारण वह गहरे पानी में चला गया, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गयी. जानकारी मिलते ही परिजन उसे पानी में तलाशने लगे. घटना की सूचना पुलिस को दी. स्थानीय लोग व पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर शव को बाहर निकाला. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया. वहीं, रोहित की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया. सभी का रो-रोकर बुरा हाल है.

भागलपुर में पटरी पार करते बच्ची की ट्रेन से कटकर मौत

भागलपुर में ट्रेन से कटकर एक बच्ची की मौत होने की सूचना है. बच्ची रेल पटरी पार कर रही थी, इसी दौरान ट्रेन आ गयी और बच्ची उसकी चपेट में आ गयी.

विज्ञापन
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola