Bihar Breaking News Live: पटना में पति ने पत्नी को पिलाया जहरीली कोल्ड ड्रिंक, फिर खुद पीया, दोनों की मौत
Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…
पटना में पति ने पत्नी को जहरीली कोल्ड ड्रिंक पिलाने के बाद खुद भी पी लिया
पटना में अवैध संबंध के शक में एक पति ने पत्नी को कोल्ड ड्रिंक में सल्फास मिला कर पिलाया और फिर खुद पी गया. दोनों की इलाज के दौरान शनिवार को कुर्जी अस्पताल में मौत हो गयी. मृतक पति 48 वर्षीय रंजीत नट और पत्नी 40 वर्षीय आशा देवी दीघा थाना क्षेत्र के अखाड़ा गली में किराये के मकान में रहती थी. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक रंजीत ऑटो चलाता था. जानकारी के अनुसार दोनों के बीच कई दिनों से झगड़ा चल रहा था. रंजीत को शक था कि पत्नी आशा किसी आजाद नाम के युवक से बात करती है. इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने कोल्ड ड्रिंक में सल्फास मिला कर पहले पत्नी को पिलाया और फिर खुद भी पी लिया. रात में बेटा राजा जब ऑटो चला कर पहुंचा तो देखा कि मां-पिता उल्टी कर रहे हैं. तबीयत कुछ ज्यादा खराब है. बेटा दोनों को लेकर कुर्जी अस्पताल ले गया, जहां शुक्रवार की रात दो बजे के करीब इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गयी.
छापेमारी में 10 लीटर देसी शराब समेत दो धंधेबाज गिरफ्तार
भोजपुर जिले के तियर थाना व बहोरनपुर ओपी पुलिस ने अलग-अलग जगहों से छापेमारी कर 10 लीटर देसी शराब समेत दो धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया. जानकारी के अनुसार तियर थाने की पुलिस ने जादोपुर गांव में छापेमारी कर पांच लीटर देशी शराब समेत जटा राम को गिरफ्तार कर लिया. वहीं बहोरनपुर ओपी पुलिस ने ओपी क्षेत्र के पहरपुर गांव में छापेमारी कर पांच लीटर देशी शराब समेत सिद्धु चौधरी के पुत्र व धंधेबाज रामभजन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने पकड़े गये दोनों धंधेबाजों को जेल भेज दिया है.
मोतिहारी में बाइक सवार दो युवकों को ट्रक ने रौंदा, एक की मौत
मोतिहारी के कोटवा थाने के दिपउ मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया. एक युवक की घटना स्थल पर मौत हो गयी, जबकि दुसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना शनिवार दोपहर की है. मृतक विकास कुमार (22) कोटवा लक्ष्मनवा गांव के अवधेश यादव का पुत्र था. वहीं घायल सनोज कुमार भी लक्ष्मनवा का है. इलाज के लिए उसे कोटवा के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है. उसकी हालत गंभीर बतायी जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. थोड़ी देर के लिए ग्रामीणों ने कोटवा-गोपालगंज फोरलेन को जाम कर विरोध जताया.
गया के पैमार नदी में डूबने से दादी-पाेती की मौत
गया के फतेहपुर थाना क्षेत्र की भेटौरा पंचायत के गोइनिया गांव में दर्दनाक हादसे में दादी-पोती की मौत हो गयी है. गोइनिया निवासी 70 वर्षीय लालपरी देवी व 10 वर्षीय सोनाली घर में हुई पूजा की सामग्री को प्रवाहित करने के लिए गांव के पास से गुजरी पैमार नदी गयी थी. नदी में स्नान कर मूर्ति प्रवाहित करने के दौरान लोटा पानी में बहने लगा. उसे दोनों मिलकर पानी से निकालने का प्रयास किया. इसी दौरान दोनों गहरे पानी में डूबने गयीं. वहीं नदी के पास गांव की अन्य महिलाएं भी उपस्थित थीं. सभी ने दोनों को पानी में डूबते देखा, तो गांव जाकर शोर मचाया. घर के परिवार व ग्रामीण दौड़कर आये और पानी में गोता लगाकर दादी-पोती को खोजबीन शुरू की. करीब एक घंटे के अथक प्रयास के बाद ग्रामीणों ने दोनों को नदी से बाहर निकाला. उसके बाद ग्रामीण दोनों को चिकित्सक के पास ले गये. वहां चिकित्सकों ने जांच में दोनाें को मृत बताया.
औरंगाबाद में तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलटी, दो घायल
औरंगाबाद केसलैया थाना क्षेत्र के बैजू बिगहा मोड़ के समीप तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गयी, जिसमें ऑटो पर सवार दो लोग घायल हो गये. घायलों में मदनपुर थाना क्षेत्र के वरक्षीविर गांव निवासी सत्येंद्र भुइंया और उनकी पत्नी बसंती देवी शामिल है. उक्त दोनों घायलों को सीएचसी मदनपुर में इलाज कराया गया. मिली जानकारी के अनुसार उक्त लोग रफीगंज से ऑटो से अपने घर लौट रहे थे, तभी यह घटना हुई. हालांकि, ऑटो पर सवार अन्य लोग सुरक्षित बताये जाते हैं. घटना शुक्रवार की रात की है.
गया में प्रथम सीडीएस का पिंडदान किया गया
गया. देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत के मोक्ष की प्राप्ति के लिए गया में पितृ श्राद्ध एवं पिंडदान किया गया. जनरल बिपिन रावत और मधुलिका रावत का पिंडदान करने उनकी बड़ी पुत्री कृतिका रावत, छोटी पुत्री तारिणी रावत, जनरल रावत के भाई रिटायर्ड कर्नल विजय रावत, मधुलिका रावत के भाई यशवर्धन सिंह और उनकी पत्नी सपना सिंह आई.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए