Bihar Breaking News Live: खगड़िया में शराब के नशे में स्कूल पहुंचे प्रिंसिपल सहित दो शिक्षक गिरफ्तार
Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…
खगड़िया में शराब के नशे में स्कूल पहुंचे प्रिंसिपल सहित दो शिक्षक गिरफ्तार
खगड़िया के अलौली प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय बहादुरपुर रहीटोला में गुरुवार को शराब के नशे में धुत होकर पहुंचे प्रधानाध्यापक प्रमोद पासवान व शिक्षक धीरज केशरी को बहादुरपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. बताया जा रहा है कि प्रधानाध्यापक प्रमोद पासवान नशे में धुत होकर प्रतिदिन विद्यालय आते थे. बच्चों के साथ भी गुस्से में बातचीत करते थे. इससे बच्चों और स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश था. गुरुवार को दोनों शिक्षक जैसे ही शराब पीकर स्कूल पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हें एक कमरे में बंद कर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही बहादुरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गयी. नशे में धुत शिक्षकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.
पटना में दुष्कर्म व हत्या मामले में एएसआई नरेंद्र प्रसाद को किया गया सस्पेंड
दो नाबालिग बच्चियों के साथ गैंगरेप व हत्या की घटना के बाद लगातार बढ़ते राजनीतिक दबाव व सामाजिक संगठनों व आम लोगों के विरोध को देखते हुए पटना के सीनियर एसपी ने मामले की जांच कराई जिसमें फुलवारीशरीफ थाने में पदस्थापित एएसआइ नरेंद्र प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. एसएसपी राजीव कुमार मिश्रा के मुताबिक दोनों बच्चियों के लापता होने की जानकारी देने उनके परिजन जब थाने पहुंचे थे तो उस समय थानाध्यक्ष सफिर आलम थाने में मौजूद नहीं थे, वहां ओडी ऑफिसर के रूप में नरेंद्र प्रसाद एएसआइ मौजूद थे जिन्होंने लापरवाही बरती. वहीं पुलिस का कहना है कि कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है लेकिन उनसे कोई खास जानकारी नहीं मिल सकी है.
जहानाबाद में वन विभाग की छापेमारी से हड़कंप
जहानाबाद शहर के जाफरगंज और धनगावां में संचालित दो अवैध आरा मशीनों पर फॉरेस्ट विभाग ने छापेमारी की है. छापेमारी के दौरान आरा मशीन में मौजूद सभी लकड़ियां जब्त कर ली गई हैं. जाफरगंज में कलाम आलम और धनगावां में भूषण मिस्त्री के द्वारा अवैध रूप से आरा मशीन का संचालन किया जा रहा था. इस मामले में फॉरेस्ट विभाग के द्वारा दोनों संचालकों को पहले ही नोटिस जारी की गई थी और अवैध रूप से संचालित आरा मशीनों को बंद करने का निर्देश दिया गया था, बावजूद इसके दोनों जगह पर संचालक बेरोक-टोक अवैध आरा मशीन का संचालन कर रहे थे. इसके बाद वन विभाग के द्वारा उक्त कार्रवाई की गई है.
नवादा में हिट एंड रन कानून के खिलाफ हंगामा
नवादा में हिट एंड रन कानून को लेकर प्रदर्शन कर रहे ट्रक चालक गुरुवार को बेकाबू हो गए. उन्होंने पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया. इस वजह से पुलिसकर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा. उपद्रवियों के प्रदर्शन की वजह से जाम लगा, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
पश्चिम चंपारण के टॉप टेन में शामिल शातिर अरविंद को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बेतिया पुलिस टीम ने छापेमारी कर पुलिस ने एक वांछित अपराधी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार की पहचान पूर्वी चंपारण के पहाड़पुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सटहा दुबे टोला निवासी अरविंद कुमार उर्फ अर्जुन कुमार के रुप में हुई है. पटना एसटीएफ व तकनीकी शाखा के सहयोग से उसे गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार अरविंद कुमार जिले के टॉप टेन अपराधियों में शामिल है. पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन बरामद किया है.
पटना में बच्चियों के साथ हुए दुष्कर्म के बाद तनाव
पटना के फुलवारीशरीफ में दो बच्चियों के साथ हुए दुष्कर्म के बाद से लोगों में आक्रोश है. आक्रोशितों ने गुरुवार को इस घटना के कथित आरोपित के घर पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया. जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस पर भी लोगों ने हमला कर दिया है. इलाके में तनाव पूर्ण स्थिति बनी हुई है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए