ePaper

भोपाल पुलिस को भी थी आतंकी मामले में बिहार से पकड़े गये असगर की तलाश, कई राज्यों से जुड़े हैं तार

Updated at : 21 Jul 2022 11:12 AM (IST)
विज्ञापन
भोपाल पुलिस को भी थी आतंकी मामले में बिहार से पकड़े गये असगर की तलाश, कई राज्यों से जुड़े हैं तार

अनुमंडल मुख्यालय ढाका के केदारनगर मुहब्बतपुर से गिरफ्तार मदरसा शिक्षक असगर अली के तार भोपाल के एक आतंकी मामले से जुड़े हैं. मार्च 2022 में भोपाल में एनआइए ने केस दर्ज किया था, जिसमें छह लोग गिरफ्तार हो चुके हैं. सातवीं गिरफ्तारी असगर की हुई है.

विज्ञापन

सिकरहना (पूर्वी चंपारण). अनुमंडल मुख्यालय ढाका के केदारनगर मुहब्बतपुर से गिरफ्तार मदरसा शिक्षक असगर अली के तार भोपाल के एक आतंकी मामले से जुड़े हैं. मार्च 2022 में भोपाल में एनआइए ने केस दर्ज किया था, जिसमें छह लोग गिरफ्तार हो चुके हैं. सातवीं गिरफ्तारी असगर की हुई है. भोपाल आतंकी मामले में असगर का इनपुट एनआइए को मिला था. एनआइए ढाका में पूछताछ के बाद मंगलवार देररात उसे पटना ले गयी.

ढाका में चौकसी के साथ गश्त बढ़ाने के निर्देश

पटना में भी पूछताछ हो रही है. आशंका है कि असगर के संबंध बांग्लादेश के आतंकी संगठन जेएमबी से भी हो सकते हैं. जानकारी के अनुसार, फुलवारी के पीएफआइ मामले में असगर की संलिप्तता के कोई ठोस सबूत नहीं मिले हैं. पूर्वी चंपारण के एसपी डॉ कुमार आशीष ने बताया कि एनआइए द्वारा असगर अली की गिरफ्तारी के बाद ढाका में चौकसी के साथ गश्त बढ़ाने के निर्देश दिये गये हैं.

एसकेएम हॉल में 24 को होना था पीएफआइ का राष्ट्रीय सम्मेलन

पीएफआइ के राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन 24 जुलाई को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में होने वाला था. खास बात यह है कि इस सम्मेलन में केरल, झारखंड, यूपी, राजस्थान, दिल्ली, मुंबई आदि से करीब दो हजार लोग जुटने वाले थे. इसके लिए पूरी तैयारी हो चुकी थी और सभी को आमंत्रण पत्र भी बांटा जा चुका था. लेकिन, इससे पहले ही फुलवारीशरीफ के नया टोला से रिटायर्ड दारोगा मो जलालुद्दीन और अतहर परवेज को गिरफ्तार कर लिया गया. साथ ही बड़े पैमाने पर देश विरोधी व भड़काऊ पोस्टर व पर्चे बरामद किये गये थे. इसके बाद ही पूरे राज्य में छापेमारी शुरू हो गयी और मरगूव दानिश अहमद उर्फ ताहिर की भी गिरफ्तारी की गयी.

नुरुद्दीन की पत्नी बोली- पति हैं निर्दोष

लखनऊ से गिरफ्तार एडवोकेट नूरुद्दीन जंगी की पत्नी ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पति को निर्दोष बताया है. दरभंगा के रहने वाले एडवोकेट नुरुद्दीन जंगी की गिरफ्तारी के बाद उसकी पत्नी पहली बार सामने आयी है. उसकी पत्नी ने बुधवार को पटना में एक प्रेस कांफ्रेंस करके अपने पति को निर्दोष बताया है. इस दौरान नुरुद्दीन के बच्चे भी वहां मौजूद थे. नुरुद्दीन की पत्नी गुलनाज ने बताया कि उनके पति संगठन के कार्यों के सिलसिले में कई जगह पर आना-जाना करते थे. साथ ही दिल्ली में रहकर केस-मुकदमों की पैरवी किया करते थे. संगठन के दो लोगों को फुलवारीशरीफ से गिरफ्तार किये जाने की जानकारी मिलने पर उनके पति ने फुलवारी शरीफ थाना आकर जानकारी भी ली थी. इसी को आधार बनाकर फुलवारीशरीफ पुलिस ने उन पर एफआइआर दर्ज कर दी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन