बिहार: भीम आर्मी के संयोजक राकेश पासवान की हत्या, लोगों ने सड़क से लेकर थाने तक काटा बवाल, कई जगह तोड़फोड़

बिहार के वैशाली में लालगंज थाना क्षेत्र के पचदमिया गांव में अपने दरवाजे पर बैठे भीम आर्मी के दलित नेता राकेश पासवान की बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी. हत्या की सूचना मिलते ही उनके घर पर लोगों की भीड़ जुट गयी.
बिहार के वैशाली में लालगंज थाना क्षेत्र के पचदमिया गांव में अपने दरवाजे पर बैठे भीम आर्मी (Bhim Army) के दलित नेता राकेश पासवान (Rakesh Paswan Murder) की बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी. हत्या की सूचना मिलते ही उनके घर पर लोगों की भीड़ जुट गयी. लालगंज समेत आसपास के कई थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी. राकेश पासवान दलित सेना के राष्ट्रीय सचिव थे. उन्होंने लालगंज से पिछली बार विधानसभा चुनाव भी लड़ा था. जानकारी के अनुसार, लालगंज थाना के पचदमिया गांव निवासी कमलेश्वर पासवान के पुत्र राकेश पासवान गुरुवार की शाम अपने दरवाजे पर बैठे हुए थे, तभी लालगंज की ओर से दो बाइकों पर सवार चार अपराधी वहां पहुंचे. एक अपराधी ने राकेश पासवान को प्रणाम किया और दूसरे अपराधी ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी.
भीम आर्मी के संयोजक राकेश पासवान के शव के साथ लोगों ने सड़क जाम कर दिया है. इसके साथ ही, जमकर तोड़ फोड़ की है. बताया जा रहा है कि कई दुकानों को निशाना बनाया गया है, इसके साथ ही, सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिये गए हैं. सरकारी संपत्ति के साथ, आमलोगों की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया है.
बताया जाता है कि अपराधियों की चार गोलियां राकेश पासवान को लगी. गोली की आवाज सुनकर उनके बड़े भाई मुकेश पासवान व अन्य परिजन दौड़ कर बाहर आये, तो अपराधियों ने उन पर भी फायरिंग की, लेकिन वे बाल-बाल बच गये. गोली मारने के बाद सभी अपराधी फायरिंग करते हुए वहां से भाग निकले. राकेश पासवान को आनन फानन में लालगंज रेफरल अस्पताल व एक नर्सिंग होम ले जाया गया. वहां से डॉक्टर ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
Also Read: बिहार: प्रधानमंत्री पद को लेकर पहली बार जदयू की ओर से आया बड़ा दावा, जानिए किस दल की बढ़ गयी बेचैनी..
सदर अस्पताल में हेडक्वार्टर डीएसपी देवेंद्र कुमार व नगर थाने की पुलिस पहुंच गयी. हालांकि, परिजन बिना पोस्टमार्टम कराये ही शव लेकर गांव चले गये. घर पर शव पहुंचते ही लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. इस घटना के बाद लोगों में जबर्दस्त आक्रोश व्याप्त है. बताया जाता है कि पुलिस ने घटनास्थल से 15 खोखे बरामद किये हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




