भागलपुर में करमा-धरमा पूजा की तैयारी के बीच मातम, तालाब में डूबने से दो बच्चियों की मौत
मृत बच्चियों की फाइल फोटो
कजरैली थानाक्षेत्र में करमा-धरमा पूजा के लिए नहाने गई दो नाबालिग बच्चियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई. सुबह तालाब से दोनों के शव बरामद हुए, जिससे खुशियों का माहौल मातम में बदल गया.
नाथनगर : करम पूजा की तैयारी के बीच कजरैली थाना क्षेत्र के गौराचौकी हरिजन टोला में मातम पसर गया. रविवार दोपहर के बाद पूजा के लिए नहाने और फूल तोड़ने निकलीं दो बच्चियों की तालाब में डूबने से मौत हो गयी. दोनों के शव सोमवार सुबह तालाब से बरामद किये गये. हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गयी.
शाम तक घर नहीं लौटीं तो शुरू हुई तलाश
मृत बच्चियों की पहचान रुपाली कुमारी (12), पिता मुन्ना दास और सरिता (10), पिता मुकेश दास के रूप में हुई है. दोनों गांव के स्कूल में पांचवीं कक्षा में पढ़ती थीं.
बताया गया कि दोनों बच्चियां करम पूजा के लिए नहाने और फूल तोड़ने तालाब गयी थीं. इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चली गयीं और डूब गयीं. देर शाम तक जब दोनों घर नहीं लौटीं तो परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका.
सुबह तालाब में मिले दोनों के शव
सोमवार सुबह तालाब में दोनों बच्चियों के शव मिलने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये. शवों को बाहर निकाला गया. बच्चियों के घर पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया.
रुपाली चार बहनों और एक भाई में थी. उसके पिता राजमिस्त्री का काम करते हैं. वहीं सरिता सात भाई-बहनों में थी और उसके पिता हलवाई का काम करते हैं.
परिजनों ने चोट के निशान होने की बात कही
परिजनों ने बच्चियों के मुंह से खून आने और शरीर पर हल्के जख्म के निशान होने की बात कही है. हालांकि, पुलिस ने इन बातों की पुष्टि नहीं की है. घटना के वास्तविक कारण और अन्य परिस्थितियों की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट व पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गये शव
घटना की सूचना मिलने पर कजरैली पुलिस मौके पर पहुंची. बाद में घटनास्थल थाना क्षेत्र के बायपास क्षेत्र से संबंधित होने की जानकारी सामने आयी. इसके बाद दोनों थानों की पुलिस ने समन्वय कर बच्चियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये.
करम पूजा की तैयारी में जुटे परिवारों के बीच इस हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है. दोनों बच्चियों की मौत से गांव के लोग भी गमगीन हैं.
यह भी पढ़ें : बिहार में करम पूजा के दौरान हादसा : पोखर में नहाने गये 6 बच्चों की डूबकर मौत, एक को बचाने में सभी डूबे
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए