टीएमबीयू के लालबाग क्वार्टर में आधी रात छत का हिस्सा गिरा, बाल-बाल बचा परिवार : 3 आवेदन के बाद भी नहीं हुई मरम्मत
टीएमबीयू के लालबाग आवासीय परिसर स्थित क्वार्टर में छत का गिरा हिस्सा.
भागलपुर में तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के लालबाग आवासीय परिसर में एक शिक्षक के सरकारी क्वार्टर की छत का हिस्सा अचानक गिर गया. गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन इससे विश्वविद्यालय के आवासों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
भागलपुर : तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के लालबाग आवासीय परिसर स्थित गोदावरी अपार्टमेंट में रविवार की रात छत का एक हिस्सा अचानक टूटकर गिर गया. हादसा क्वार्टर संख्या एक में रहने वाले मारवाड़ी कॉलेज के शिक्षक डॉ. आशीष कुमार मिश्रा के आवास में हुआ. गनीमत रही कि जिस हिस्से की छत गिरी, उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था. इससे बड़ा हादसा टल गया.
घटना के बाद विश्वविद्यालय के सरकारी आवासों की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. शिक्षक का कहना है कि आवास की मरम्मत के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को तीन बार लिखित आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक जरूरी मरम्मत नहीं करायी गयी.
तीन बार आवेदन, फिर भी मरम्मत का इंतजार
डॉ. आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि आवास की जर्जर स्थिति को लेकर वह विश्वविद्यालय प्रशासन को पहले ही तीन बार लिखित आवेदन दे चुके हैं. इसके बावजूद मरम्मत का काम नहीं कराया गया.
उन्होंने बताया कि आवेदन देने से पहले भी वह अपने निजी खर्च पर आवास की मरम्मत कराकर रह रहे थे. इसके बाद भी भवन की स्थिति लगातार खराब होती गयी. अब आवास के अंदरूनी हिस्सों के अलावा बाहरी हिस्सों में भी जर्जरता की स्थिति है. दूसरे और तीसरे तल से छज्जे के हिस्से टूटकर गिरने की बात भी उन्होंने कही.
HRA की कटौती के बावजूद रखरखाव पर सवाल
डॉ. मिश्रा ने सरकारी आवासों के रखरखाव को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि आवास के एवज में प्रत्येक माह एचआरए (हाउस रेंट अलाउंस) की कटौती और वसूली की जाती है. इसके बावजूद सरकारी क्वार्टरों की नियमित देखरेख और जरूरी मरम्मत पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है.
उनका कहना है कि जर्जर सरकारी आवासों में शिक्षक, कर्मचारी और उनके परिवार रहते हैं. ऐसे में भवन की सुरक्षा को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन को गंभीरता से कदम उठाने की जरूरत है.
समय पर तकनीकी निरीक्षण नहीं हुआ तो बढ़ सकता है खतरा
डॉ. मिश्रा ने कहा कि सरकारी आवासों का समय-समय पर तकनीकी निरीक्षण कराया जाना चाहिए. भवन की स्थिति का आकलन कर जहां मरम्मत की जरूरत हो, वहां समय रहते काम कराया जाना जरूरी है.
उन्होंने कहा कि छत और छज्जे के हिस्सों के लगातार गिरने की घटनाएं सुरक्षा के लिहाज से गंभीर हैं. ऐसे में किसी बड़े हादसे से पहले विश्वविद्यालय प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए.
तत्काल तकनीकी जांच और मरम्मत की मांग
शिक्षक ने विश्वविद्यालय प्रशासन से घटना को गंभीरता से लेते हुए आवास का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराने की मांग की है. साथ ही भवन की आवश्यक मरम्मत जल्द शुरू कराने की अपील की है.
उन्होंने कहा कि समय रहते जर्जर हिस्सों की मरम्मत होने से भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है और आवासीय परिसर में रह रहे शिक्षकों, कर्मचारियों व उनके परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है.
भागलपुर में आज का मंडी भाव, जानिए प्रमुख फसलों और सब्जियों के ताजा रेट
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए