Bhagalpur news आज तिलकपुर पहुंचेंगे पंचायती राज मंत्री
Published by : JITENDRA TOMAR Updated At : 03 Feb 2026 11:41 PM
सुलतानगंज प्रखंड के तिलकपुर पंचायत में बुधवार को सूबे के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश का भ्रमण प्रस्तावित है.
सुलतानगंज प्रखंड के तिलकपुर पंचायत में बुधवार को सूबे के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश का भ्रमण प्रस्तावित है. मंत्री पंचायत क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों से प्रगति की जानकारी लेंगे. मंत्री के आगमन को लेकर पंचायत और प्रशासनिक स्तर पर तैयारी पूरी कर ली गयी हैं. दौरे से पूर्व भवन निर्माण विभाग के सहायक अभियंता टिंकू कुमार व कार्यपालक पदाधिकारी राकेश रंजन ने निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने बताया कि तिलकपुर पंचायत के पुस्तकालय के समीप बड़े भू-भाग में पंचायत सरकार भवन का निर्माण कराया जा रहा है. निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है, जिसका निरीक्षण मंत्री अपने दौरे के दौरान करेंगे. मंत्री के आगमन को लेकर कार्यस्थलों पर तैयारी तेज कर दी गयी हैं.
सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट अरुण कुमार का भव्य सम्मान
सुल्तानगंज थल सेना के लेफ्टिनेंट अरुण कुमार के सेवानिवृत्त होने पर सैनिक संगठन व सुलतानगंज की ओर से भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत सुलतानगंज रेलवे स्टेशन से हुई, जहां लेफ्टिनेंट अरुण कुमार का फूल-माला व बुके देकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया. ढोल-बाजे, गाजे और दर्जनों घोड़ों के साथ भव्य जुलूस निकाला गया. रेलवे स्टेशन से शुरू होकर जुलूस पूरे शहर का भ्रमण कर उनके पैतृक गांव पहुंचा. रैली के दौरान लोगों में उत्साह देखने को मिला और जगह-जगह पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया गया. मौके पर लेफ्टिनेंट अरुण कुमार ने सेना में अपने कार्यकाल में देश के लिए किये गये योगदान के बारे में जानकारी दी. उन्होंने कहा कि देश सेवा के बाद अब समाज सेवा को अपना उद्देश्य बनाएंगे और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभायेगे. सैनिक संगठन के संयोजक पंकज कुमार ने लेफ्टिनेंट अरुण कुमार को सेवानिवृत्ति और उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं व बधाई दी. उन्होंने कहा कि ऐसे सैनिक समाज के लिए प्रेरणा स्रोत होते हैं. सम्मान समारोह में वार्ड पार्षद प्रतिनिधि विपिन मंडल, वार्ड पार्षद रीता देवी सहित सैनिक संगठन के सदस्य, जनप्रतिनिधि और काफी संख्या में लोग उपस्थित थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










