Bhagalpur news कटाव निरोधी कार्यों को देख अभियंता प्रमुख ने लगायी फटकार
Published by : JITENDRA TOMAR Updated At : 09 May 2026 11:24 PM
जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख ई वरुण कुमार ने शनिवार की दोपहर बाद इस्माईलपुर -बिंद टोली तटबंध पर कराये जा रहे कटाव निरोधी कार्यों का निरीक्षण किया.
जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख ई वरुण कुमार ने शनिवार की दोपहर बाद इस्माईलपुर -बिंद टोली तटबंध पर कराये जा रहे कटाव निरोधी कार्यों का निरीक्षण किया. विभाग की ओर से स्पर संख्या सात व आठ के बीच 256 मीटर में तथा स्पर आठ व नौ के बीच 740 मीटर में सीट पाइलिंग, बोल्डर क्रेटिंग व मिट्टी भराई कर तटबंध को पुराने स्वरूप में लाने का कार्य करवाया जा रहा है. निविदा की शर्तों के अनुसार कटाव निरोधी कार्य हर हाल में समाप्त करना है, लेकिन कार्य की गति काफी धीमी देख अभियंता प्रमुख ने कार्य कराने वाली एजेंसी को फटकार लगाते हुए कहा कि बेशर्मी से कार्य क्यों करते हैं. मजदूरों की संख्या बढा कर काम में तेजी लाइये, नहीं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहिये. उन्होंने कहा कि मानसून ने दस्तक दे दिया है. गंगा नदी के जलस्तर में कभी भी वृद्धि हो सकती है. ऐसे में कार्य करना काफी मुश्किल होगा. स्पर सात व आठ के बीच सीट पाइलिंग मशीन के खराब होने से 56 मीटर में सीट पाइलिंग का कार्य बाकी रह गया है. उन्होंने तत्काल बोल्डर क्रेटिंग का लेयर पूरा कर मिट्टी भराई कर कंपैक्शन करने का निर्देश दिया. स्पर आठ व नौ के बीच 740 मीटर में 1076 सीट पाइलिंग में से अबतक मात्र 48 सीट पाइलिंग किया गया है और मात्र 48 स्टील सीट स्टाक में उपलबध होने की जानकारी उन्हें दी गयी. उन्होंने तत्काल आवश्यकता के अनुसार स्टील सीट कार्यस्थल पर भंडारण करने का निर्देश दिया. उन्होंने नाव से बोल्डर मंगाने का निर्देश दिया. काम की गति धीमी देख तटवर्ती गांव के लोग अनहोनी की आशंका से डरे हैं. निरीक्षण में मुख्य अभियंता ई जयप्रकाश पासवान, अधीक्षण अभियंता ई सुबोध चौधरी, कार्यपालक अभियंता ई मुकेश कुमार, सहायक अभियंता ई अमितेश कुमार, जेई रवींद्र कुमार, संजीत माझी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










