Bhagalpur News. रविवार को भी खुले रजिस्ट्री कार्यालय और नगर निगम, फाइलों की हुई जांच
Updated at : 08 Mar 2026 10:16 PM (IST)
विज्ञापन

रजिस्टरी व निगम कार्यालय रविवार को भी खुले रहे.
विज्ञापन
मार्च का दवाब. रजिस्ट्री ऑफिस में 53 रजिस्ट्री से 71 लाख का राजस्व, निगम में लंबित भुगतान की फाइलों के विपत्रों की हुई जांच
वित्तीय वर्ष की समाप्ति का माह मार्च में विभागीय कार्यों के निष्पादन को लेकर रविवार को भी रजिस्ट्री कार्यालय और नगर निगम कार्यालय खुले रहे. मार्च में वित्तीय और प्रशासनिक कार्यों के दबाव को देखते हुए दोनों कार्यालयों में कामकाज जारी रखा गया. अधिकारियों और कर्मचारियों ने लंबित फाइलों के निष्पादन और जरूरी कार्यों को निपटाने में जुटे रहे. बताया गया कि वित्तीय वर्ष के समापन से पहले जरूरी प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए यह व्यवस्था की गयी है, ताकि वित्त से जुड़ा कोई काम पेंडिंग न रहें.रजिस्ट्री कार्यालय : 53 रजिस्ट्री से 71 लाख रुपये का हुआ रेवेन्यू कलेक्शन
अंतिम माह में कामकाज के दबाव को देखते हुए रविवार को भी रजिस्ट्री कार्यालय सामान्य दिनों की तरह खुला रहा. निर्धारित समय पर सभी अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय पहुंचे और रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू की गयी. सब रजिस्ट्रार प्रियदर्शन कुमार ने बताया कि देर शाम तक रजिस्ट्री की प्रक्रिया जारी रही, जिससे लोगों को भी अपने जरूरी कार्य निपटाने में सुविधा मिली. कुल 53 रजिस्ट्री दर्ज की गयी. इन रजिस्ट्रियों से सरकार को करीब 71 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ.
जनवरी से हर रविवार खुल रहा कार्यालय
उन्होंने बताया कि जनवरी माह से ही प्रत्येक रविवार को कार्यालय खोला जा रहा है. यह व्यवस्था पूरे मार्च जारी रहेगी, ताकि वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पहले सभी लंबित कार्यों का निष्पादन किया जा सके.नगर निगम कार्यालय : लंबित बिल भुगतान की फाइलों की हुई जांच
नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा के निर्देश पर रविवार को भी नगर निगम कार्यालय खुला रहा. सामान्य दिनों की तरह सभी शाखा प्रभारी और कर्मचारी कार्यालय पहुंचे और विभागीय कार्यों का निष्पादन किया गया. कार्यालय में उन लंबित बिल भुगतान की फाइलों को भी जमा किया गया, जिन्हें संबंधित प्रभारियों की ओर से अब तक समर्पित नहीं किया गया था. रविवार को इन फाइलों को जमा कर उनकी प्रक्रिया आगे बढ़ायी गयी.दिनभर चलती रही विपत्रों की जांच
पूरे दिन लंबित बिल भुगतान से संबंधित विपत्रों और संचिकाओं की जांच का काम चलता रहा. फाइलों और विपत्रों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दो अतिरिक्त निगमकर्मियों को भी इस कार्य में लगाया गया, ताकि जांच प्रक्रिया में तेजी लायी जा सके.आम नागरिकों के नहीं हुए कामकाज
रविवार को कार्यालय खुला रहा लेकिन, आम नागरिकों से जुड़े कार्य नहीं हुए. पहले से ही यह घोषित किया गया था कि रविवार को केवल विभागीय कार्यों का ही निष्पादन होगा. अधिकारियों के अनुसार यह कार्य इसलिए भी महत्वपूर्ण था, क्योंकि यदि लंबित संचिकाओं पर समय पर काम नहीं होता तो संबंधित राशि वापस लौटने की संभावना थी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




