bhagalpur news. नो पार्किंग का बोर्ड नहीं, पार्किंग की सुविधा नहीं, जुर्माना वसूली जोरों पर

ना न पार्किंग का बोर्ड, न पार्किंग की सुविधा
– नगर निगम की कार्रवाई पर शहरवासी उठाने लगे हैं सवाल, मेयर ने कहा कि जनहित होगी प्राथमिकता
शहर में अधिकांश जगहों पर नो पार्किंग का बोर्ड नहीं लगाया गया है, न ही पार्किंग की समुचित सुविधा दी गयी है. इसके विपरीत नगर निगम प्रशासन की ओर से पहली बार जुर्माना की वसूली होने लगी. नगर निगम की इस कार्रवाई को मनमाना व तानाशाही कहा जाने लगा है. इतना ही नहीं चारों तरफ से सवाल उठने लगे हैं. मेयर डॉ बसुंधरालाल ने कहा कि जनहित की शर्त पर कोई भी कार्रवाई अनुचित है.
अधिकतर व्यावसायिक प्रतिष्ठान के पास पार्किंग सुविधा क्यों नहीं
शहर में अधिकतर व्यावसायिक प्रतिष्ठान के पास पार्किंग की सुविधा नहीं है. जिनके पास है, वहां भी गाड़ियों को रखने की बजाय दूसरा काम हो रहा है. ऐसे में इन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारी हो या यहां रोज आने वाले हजारों ग्राहकों की गाड़ियां सड़क पर व फुटपाथ पर लगती हैं. नगर निगम प्रशासन को पहले इन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करने की जरूरत है.
30540 गाड़ियां लगती हैं सड़क पर
शहर में नगर निगम के रिकार्ड में 81 हजार होल्डिंग हैं, जिसमें 50 फीसदी होल्डिंग के पास अपनी गाड़ी हैं. इसके अलावा बाहर से उनके घरों व व्यवसायिक प्रतिष्ठान में भी फोर व्हीलर व टू व्हीलर आते हैं. नगर निगम के जानकार के अनुसार पार्किंंग की अपनी सुविधा नहीं होने पर औसत 30540 गाड़ियां सड़क पर लगती हैं. इसके अलावा रेलवे की पार्किंग, अपार्टमेंट के पार्किंग एरिया, स्मार्ट सिटी के पार्किंग एरिया आदि में भी गाड़ियां लग रहीं हैं.
बाजार क्षेत्र में पार्किंग की सुविधा क्यों नहीं
भागलपुर मुख्य बाजार का दायरा पूर्वी बिहार, कोसी, संथाल परगना समेत 200 किलोमीटर क्षेत्र तक फैला है. ऐसे में रोजाना 70 हजार से एक लाख रोजाना छोटे-बड़े कारोबारी पहुंचते हैं. भागलपुर छोटे-बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान लगभग 20 हजार हैं. इसके अलावा 1000 से अधिक चिकित्सकों के क्लिनिक व नर्सिंग होम हैंं, जहां मरीज अपना इलाज कराने पहुंचते हैं. कई नर्सिंग होम व क्लिनिक के लिए भी पार्किंग एरिया की व्यवस्था नहीं की गयी है. मुख्य बाजार क्षेत्र में कहीं भी पार्किंग एरिया नहीं बनाया गया है.
कचहरी चौक पर बनी है मल्टी लेयर पार्किंग स्थल, हो रही है मंथली बुकिंग
कचहरी चौक पर स्मार्ट सिटी के तहत रिलियंट स्मार्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की ओर से मल्टी लेयर पार्किंग सिस्टम बनाया गया है. यहां अधिकतर गाड़ियां मंथली शुल्क पर रखी गयी है. प्रभारी धीरज कुमार ने बताया कि यहां फोर व्हीलर के लिए 44 जगह है, जबकि बाइक के लिए 39 सीट है. इसमें 25 फोर व्हीलर के लिए मंथली बुकिंग है, जबकि सब मिलाकर अभी पांच खाली है. बाइक की अधिकतर सीट खाली है. एक घंटे का 10 रुपये बाइक के लिए,जबकि 15 रुपये प्रति घंटा कार के लिए लिया जाता है.लोगों ने उठाया सवाल
भागलपुर में केवल एक जिले के लिए बाजार नहीं है, बल्कि पूर्वी बिहार व संथाल परगना है. व्यावसायिक टैक्स चुकाने के बाद भी पार्किंग सुविधा नहीं मिल रही है. कई बार मांग उठा चुके हैं.
श्रवण बाजोरिया, पूर्व अध्यक्ष, इस्टर्न बिहार चेंबर ऑफ कॉमर्स—————शहर में पार्किंग की सुविधा दी जायेगी, तो जाम की समस्या नहीं होगी. इस कारण ठेला पर बाजार में सामान लाना-पहुंचाना दिक्कत होती है. सुविधा देने के बाद कार्रवाई करें.
सुनील बुधिया, महामंत्री, टेक्सटाइल चेंबर ऑफ कॉमर्स—————–बिना पार्किंग सुविधा उपलब्ध करायें जुर्माने और वाहन जब्त कर जुर्माना वसूलना कहीं से भी न्यायसंगत नहीं है. नगर निगम भागलपुर को सर्वप्रथम निगम क्षेत्र में पार्किंग की जगह चिह्नित करना चाहिए.बालकृष्ण मोयल,उपाध्यक्ष, नाथनगर सिल्क सीटी चेंबर ऑफ कॉमर्स भागलपुर
————बिना पार्किंग की सुविधा दिये चालान काटने से अफरा-तफरी मच गयी है. यह तानाशाही रवैया है. नगर निगम को खुद की कमी छिपाने के लिए ऐसी कार्रवाई नहीं करनी चाहिए. जनता सर्वोपरि है.शशिशंकर राय, महामंत्री, विषहरी पूजा महासमिति————मुख्य बाजार क्षेत्र में हरेक जगह जाम लगता है. इसके लिए पार्किंग सुविधा देकर जाम से निजात दिलाना होगा. ऐसी कार्रवाई का बाजार पर असर पड़ेगा. लोगों का आना कम हो जायेगा.
विशाल आनंद, सर्राफा कारोबारी सह अध्यक्ष, विश्वकर्मा महासंघ—————प्लानेट फैशन के बाहर उजला लाइन के काफी अंदर गाड़ी लगाने के बाद भी चालान काट दिया गया. यह नियम के विरुद्ध है. आसपास पार्किंग की व्यवस्था भी नहीं है. यह अनुचित कार्रवाई है.
पीके घोष, शोरूम प्रोपराइटर————–करोड़ों खर्च करके पार्किंग की सुविधा वीआइपी लोगों को दी जा रही है. आम लोगों के लिए पार्किंग की सुविधा नहीं है. नगर निगम की कार्रवाई सवाल के घेरे में है. आम लोगों में आक्रोश है.अजीत सिंह, पदाधिकारी, मानव अधिकार संगठन
—————कोट
आम लोगों की परेशानी और असुविधा की शर्त पर किसी तरह कार्रवाई अनुचित है. खुद इस मामले को देख रही हूं. सैंडिस कंपाउंड के चारों तरफ पार्किंग एरिया बनवा कर आमलोगों को सुविधा दिलायेंगे. इसके बाद ही कोई कार्रवाई हो.डॉ बसुंधरालाल, मेयर, भागलपुर नगर निगम
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




