Bhagalpur news आयुष्मान आरोग्य मंदिर रामपुर कमराय को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणन
Updated at : 29 Jan 2026 11:46 PM (IST)
विज्ञापन

स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सुलतानगंज ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है.
विज्ञापन
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सुलतानगंज ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. प्रखंड क्षेत्र के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, रामपुर कमराय को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के तहत राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणन प्राप्त हुआ है. यह केंद्र पूरे भागलपुर जिले का एकमात्र आयुष्मान आरोग्य मंदिर है, जिसे यह सम्मान मिला है.
बिहार में चुनिंदा केंद्रों को ही मिला प्रमाणन
पूरे बिहार में केवल भोजपुर जिले के चार और भागलपुर जिले के सुलतानगंज स्थित रामपुर कमराय आयुष्मान आरोग्य मंदिर को ही यह राष्ट्रीय प्रमाणन प्राप्त हुआ है. इससे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को नयी पहचान मिली है.इंफ्रास्ट्रक्चर व सेवा गुणवत्ता पर खरा उतरा केंद्र
नेशनल हेल्थ सिस्टम रिसोर्स सेंटर की टीम के वर्चुअल मूल्यांकन में केंद्र के इंफ्रास्ट्रक्चर, मानव संसाधन, मरीजों को दी जाने वाली सुविधाएं और कार्यप्रणाली को बेहतर पाया गया. मानकों पर खरा उतरने के बाद केंद्र को एनक्यूएएस प्रमाणन दिया गया. रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ कुंदन भाई पटेल ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणन मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि क्वालिटी सेटिस्फेक्शन का प्रमाण मिलने से केंद्र को अतिरिक्त बजट, नयी सुविधाएं और गुणवत्ता सुधार का लाभ मिलने की संभावना बढ़ी है.मरीजों को मिलती है मुकम्मल सुविधा
रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर में मरीजों को समय पर डॉक्टर, एएनएम, दवाइयां, प्राथमिक जांच और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं नियमित रूप से मिलती हैं. सिस्टम के तहत बेहतर तरीके से कार्य करने पर ही क्वालिटी सेटिस्फेक्शन का प्रमाण दिया जाता है. स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शुरू किये गये राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) कार्यक्रम का उद्देश्य बेहतर प्रदर्शन करने वाली स्वास्थ्य इकाइयों को पहचान देना और सार्वजनिक अस्पतालों के प्रति समुदाय का भरोसा मजबूत करना है.अन्य केंद्रों को भी प्रमाणन दिलाने की पहल
रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय प्रमाणन मिलने से स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार की संभावनाएं बढ़ी हैं. राष्ट्रीय टीम ने यहां मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना को संतोषजनक से बेहतर पाया है. एनक्यूएएस कार्यक्रम स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य बेहतर प्रदर्शन करने वाली स्वास्थ्य इकाइयों को पहचान देने के साथ-साथ सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों के प्रति समुदाय का विश्वास बढ़ाना है. इस प्रमाणन के बाद आयुष्मान आरोग्य मंदिर में मरीजों को और अधिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि अन्य आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को भी राष्ट्रीय स्तर पर क्वालिटी सेटिस्फाइड कराने को लेकर पहल की जा रही है, ताकि सुलतानगंज में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया जा सके.खसरा टीकाकरण शत-प्रतिशत करने का निर्देश
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से गुरुवार को स्वास्थ्य कर्मियों को खसरा टीकाकरण शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. समय पर केंद्र पर उपस्थित रह बेहतर कार्य करने को कहा. कार्य में निरंतर गुणवत्ता बनाए रखने पर बल दिया. मौके पर स्वास्थ्य प्रबंधक रमन कुमार सिंह उपस्थित थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




