भागलपुर में जहरीला पदार्थ खाने से राजमिस्त्री की मौत, आपसी झगड़ा बतायी जा रही वजह, पुलिस जांच में जुटी
रोती-बिलखती मृतक की पत्नी व इनसेट में ललन का फाइल फोटो. | Prabhat Khabar Network
Bhagalpur Poison Death : भागलपुर जिले में 29 वर्षीय राजमिस्त्री की जहरीला पदार्थ खाने से इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है, लेकिन पुलिस को कुछ और भी शक है. पत्नी और ग्रामीणों के बयानों में विरोधाभास मामले को गहरा रहा है.
Bhagalpur Poison Death : भागलपुर जिले के अमडंडा थाना क्षेत्र के पाठकडीह गांव में 29 वर्षीय राजमिस्त्री ललन कुमार की जहरीला पदार्थ खाने से इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है, लेकिन पत्नी और ग्रामीणों के बयानों में अंतर होने के कारण पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.
इलाज के दौरान हुई मौत
अमडंडा थाना क्षेत्र के पाठकडीह गांव निवासी 29 वर्षीय राजमिस्त्री ललन कुमार की जहरीला पदार्थ खाने से तबीयत बिगड़ गई. पहले उन्हें सन्हौला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) मायागंज रेफर कर दिया गया. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. बुधवार को बरारी कैंप थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.
पत्नी ने मां से विवाद के बाद घटना होने की कही बात
मृतक की पत्नी श्वेता कुमारी ने पुलिस को दिए फर्द बयान में बताया कि मंगलवार की शाम उसके पति और सास के बीच विवाद हो रहा था. उसने सास को वहां से जाने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं गईं. कुछ देर बाद बेटा आनंद राज ने आकर बताया कि उसके पिता गिर गए हैं. जब वह मौके पर पहुंची तो पति ने कुछ नहीं बताया. बाद में अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी दी.
ग्रामीणों ने बताई अलग कहानी
ग्रामीणों के अनुसार ललन दिल्ली में राजमिस्त्री का काम करता था और कुछ दिन पहले करंट लगने से घायल होने के बाद इलाज कराकर पांच दिन पहले ही गांव लौटा था. बताया जाता है कि घटना वाले दिन बच्चों के मोबाइल तोड़ने को लेकर पत्नी बच्चों की पिटाई कर रही थी. इसी दौरान ललन ने इसका विरोध किया और पति-पत्नी के बीच कहासुनी तथा मारपीट हुई. विवाद के बाद वह घर से बाहर चला गया और लौटने पर उसकी तबीयत बिगड़ी हुई थी. इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया.
पत्नी ने मारपीट के आरोपों से किया इनकार
श्वेता कुमारी ने कहा कि उसका अपने पति से कोई विवाद नहीं हुआ था. पति की तबीयत बिगड़ने पर वह घबराकर गिर गई थी, जिससे उसके सिर में चोट लगी. उन्होंने कहा कि पति और सास के बीच ही विवाद हुआ था.
परिवार में छोड़ गया तीन छोटे बच्चे
घटना की सूचना मिलने पर मृतक के ससुर गोड्डा निवासी संजय पंडित भी अस्पताल पहुंचे. मायके पक्ष का आरोप है कि ललन के माता-पिता अक्सर उससे पैसों की मांग करते थे, जिससे परिवार में तनाव बना रहता था. ललन दो भाइयों में एक था और अपने पीछे पत्नी तथा तीन छोटे बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है.
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
मामले में पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है. जहरीला पदार्थ खाने के कारणों और घटना से पहले हुए पारिवारिक विवाद की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए