गंगा तटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, 75 हजार से अधिक कांवरियों ने जल भरकर बासुकीनाथ के लिए भरी हुंकार
एसएम कॉलेज रोड में उमड़ा कांवरियों का हुजूम | Prabhat Khabar Network
सावन की तीसरी सोमवारी पर भागलपुर के गंगा घाटों पर शिवभक्तों का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ पड़ा. 75 हजार से अधिक कांवरियों ने उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल भरकर प्रसिद्ध तीर्थस्थल बाबा बासुकीनाथ धाम के लिए प्रस्थान किया. डाक बमों और सामान्य कांवरियों की भारी भीड़ ने शहर को केसरिया रंग में रंग दिया.
सावन की तीसरी सोमवारी को लेकर भागलपुर (सिल्क सिटी) के प्रमुख गंगा घाटों पर शिवभक्तों का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ पड़ा. बरारी पुल घाट, सीढ़ी घाट, हनुमान घाट और एसएम कॉलेज छोटी खंजरपुर घाट पर रविवार सुबह से ही डाक बम और सामान्य कांवरियों की भारी भीड़ जुटने लगी. दिनभर में 75 हजार से अधिक कांवरियों ने उत्तरवाहिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और पवित्र जल भरकर प्रसिद्ध तीर्थस्थल बाबा बासुकीनाथ धाम सहित आसपास के प्रमुख शिवालयों के लिए प्रस्थान किया.
केसरिया रंग में रंगे शहर के रास्ते, देर रात तक लगी रही कतार
रविवार सुबह से ही शहर की हर सड़क पर केसरिया और श्वेत वस्त्रधारी कांवरियों का तांता लगा रहा. शाम ढलते-ढलते भीड़ इतनी बढ़ गई कि शहर के प्रमुख मार्गों पर रुक-रुक कर जाम की स्थिति बनती रही.
एसएम कॉलेज मार्ग से लोहिया पुल-गुड़हट्टा चौक और हनुमान घाट व बरारी घाट से लेकर बाईपास मार्ग तक पूरा इलाका शिवभक्तों के जत्थों से पटा रहा. हजारों की संख्या में 'डाक बम' जल भरकर बिना रुके दौड़ते हुए बासुकीनाथ धाम की ओर रवाना हुए, जो सोमवार को बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे.

दूर-दराज से पहुंचे शिवभक्त, सुनाई अपनी अटूट आस्था की कहानियां
गंगा जल भरने पहुंचे कांवरियों में स्थानीय लोगों के अलावा पड़ोसी जिलों और झारखंड से आए भक्तों का बड़ा उत्साह देखने को मिला:
- दुमका के भैका मुर्मू: उन्होंने बताया कि वे हर वर्ष डाक बम के रूप में बासुकीनाथ जाते हैं और इस बार तीसरी सोमवारी को जलाभिषेक का संकल्प लेकर निकले हैं.
- पंजवारा की सांवली जायसवाल: पिछले 10 वर्षों से लगातार हर सोमवारी को बासुकीनाथ में भगवान शंकर का जलाभिषेक कर रही हैं.
- समुखिया मोड़ के रानू सिंह: सावन के प्रत्येक रविवार को भागलपुर से गंगाजल भरकर सोमवार को ज्येष्ठोर नाथ मंदिर में अर्पित करते हैं.
- हंसडीहा की सुषमा चौधरी: मनोकामना पूरी होने की मन्नत के साथ पिछले पांच वर्षों से लगातार सावन में डाक बम यात्रा कर रही हैं.
इसके अतिरिक्त सैकड़ों कांवरियों ने स्थानीय गोनू धाम, भयहरण बाबा और ज्येष्ठोर नाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए भी गंगाजल भरा.

सेवा शिविरों में कांवरियों का स्वागत, जगह-जगह हुआ सेवा कार्य
कांवरियों की थकान मिटाने और उनकी सुविधा के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा सेवा शिविर लगाए गए:
- एसएम कॉलेज के पास: स्काउट एंड गाइड की ओर से प्रवीण झा के संचालन में छात्राओं ने कांवरियों को जल, फल व प्राथमिक चिकित्सा सेवा दी.
- कचहरी चौक: पूर्व विधायक अजीत शर्मा के सहयोग से विशाल सेवा शिविर का संचालन किया गया.
- पिस्ता चौक: अधिवक्ता मुकेश ठाकुर, अवकाशप्राप्त सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक ठाकुर, सुबोध मंडल और ओमप्रकाश पोद्दार आदि ने कांवरियों की सेवा में योगदान दिया.
- बौंसी-हंसडीहा मार्ग: अलायंस क्लब की ओर से अभिषेक डालमिया के कुशल संचालन में कांवरियों के लिए विशेष शिविर लगाया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपक कुमार राव
दीपक कुमार राव प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, कला-संस्कृति व सामाजिक कार्य में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










