भागलपुर के गोराडीह में पुलिस की कार्रवाई, जानलेवा हमले और फायरिंग मामले का मुख्य आरोपी कट्टा-कारतूस के साथ गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

भागलपुर पुलिस

भागलपुर के गोराडीह थाना क्षेत्र से पुलिस ने फायरिंग और जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी निकेश कुमार उर्फ मिट्ठू चौधरी को गिरफ्तार किया है. उसके पास से कट्टा और कारतूस बरामद हुए हैं. यह गिरफ्तारी इलाके में भय का माहौल पैदा करने वाली घटनाओं के बाद हुई है.

विज्ञापन

भागलपुर से रिपोर्ट

Bhagalpur News: भागलपुर के गोराडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने फायरिंग और जानलेवा हमले के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी निकेश कुमार उर्फ मिट्ठू चौधरी को कट्टा और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार आरोपी पर कजरैली में बक्सा दुकानदार रंजीत वर्मा पर जानलेवा हमला करने और उसके अगले दिन गोराडीह के पहाड़िया स्थान स्थित उनके घर पर फायरिंग करने का आरोप है. गिरफ्तारी जिलेबिया मोड़ के पास हुई, जहां आरोपी कथित रूप से अन्य अपराधियों के साथ किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा था.

यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब लगातार दो दिनों तक हुई हिंसक घटनाओं ने गोराडीह और कजरैली क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया था. पुलिस का दावा है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा है और उसके खिलाफ पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं.

जिलेबिया मोड़ पर घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी

आरक्षी उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) नवनीत कुमार ने बताया कि मंगलवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गोराडीह थाना क्षेत्र के जिलेबिया मोड़ के पास कुछ अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में जुटे हैं.

सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर सिटी एसपी के पर्यवेक्षण में डीएसपी (विधि-व्यवस्था) नवनीत कुमार और थानाध्यक्ष दीपक पासवान के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई.

पुलिस टीम के पहुंचते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे. पीछा कर एक युवक को पकड़ा गया, जिसकी पहचान पहाड़िया स्थान निवासी ज्ञानदीप चौधरी के पुत्र निकेश कुमार उर्फ मिट्ठू चौधरी के रूप में हुई. तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया.

दो दिनों में दो गंभीर घटनाओं का आरोपी

पुलिस के अनुसार मिट्ठू चौधरी पर रविवार को कजरैली में बक्सा दुकानदार रंजीत वर्मा पर जानलेवा हमला करने का आरोप है.

इसके अगले ही दिन उसने अपने साथियों के साथ गोराडीह के पहाड़िया स्थान स्थित रंजीत वर्मा के घर पर फायरिंग की. आरोप है कि इस दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए गए और रंजीत वर्मा के नाबालिग पुत्र और पुत्री के साथ मारपीट भी की गई.

इन घटनाओं के बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी.

Bhagalpur News: पांच आपराधिक मामलों में दर्ज है नाम

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा है.

उसके खिलाफ गोराडीह थाना में दो, कजरैली थाना में एक, मोजाहिदपुर थाना में एक और झंडापुर थाना में एक, यानी कुल पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं.

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके अन्य साथियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

इलाके में सुरक्षा को लेकर बढ़ी सतर्कता

लगातार हुई फायरिंग और हमले की घटनाओं के बाद गोराडीह और आसपास के इलाकों में पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है.

छापेमारी दल में थानाध्यक्ष दीपक पासवान, अवर निरीक्षक जगनंदन यादव सहित गोराडीह थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.

Also Read: बांकीपुर में हार के बाद BJP में मंथन शुरू, CM सम्राट चौधरी अचानक पहुंचे प्रदेश कार्यालय, बंद कमरे में चल रही है बैठक

Also Read: मनोज तिवारी फ्रॉड आदमी हैं', विधायक बनने के बाद प्रशांत किशोर का चैलेंज- हिम्मत है तो भरत तिवारी के परिवार को न्याय दिलाकर दिखाएं


विज्ञापन
प्रत्युष प्रशांत

लेखक के बारे में

By प्रत्युष प्रशांत

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन