बच्चे के गले से चेन झपटकर भागा बदमाश, मां के शोर मचाते ही लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा

Updated:
विज्ञापन
बच्चे के गले से चेन झपटकर भागा बदमाश, मां के शोर मचाते ही लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा

Bhagalpur News : भागलपुर में दिनदहाड़े एक बदमाश मासूम बच्चे के गले से सोने की चेन झपटकर भागने लगा, लेकिन बच्चे की मां की बहादुरी ने उसकी पूरी योजना फेल कर दी. महिला के शोर मचाते ही लोगों ने आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया और बीच सड़क पर उसकी जमकर पिटाई कर दी.

विज्ञापन

भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट :

भागलपुर शहर के लोहिया पुल पर सोमवार को झपटमारी की एक घटना से अफरा-तफरी मच गई. एक युवक ने बच्चे के गले से सोने की चेन और लॉकेट झपट लिया और मौके से भागने लगा. घटना के बाद बच्चे की मां ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया.

मां की बहादुरी से पकड़ा गया आरोपी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झपटमार बच्चे के गले से चेन झपटकर तेजी से भाग रहा था. तभी बच्चे की मां ने जोर-जोर से चिल्लाते हुए आरोपी का पीछा करना शुरू कर दिया. महिला की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग भी सक्रिय हो गए और आरोपी को पकड़ने के लिए दौड़ पड़े. कुछ दूरी पर लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया.

बीच सड़क पर हुई जमकर पिटाई

आरोपी के पकड़ में आते ही गुस्साए लोगों और पीड़ित महिला ने उसकी जमकर पिटाई कर दी. बीच सड़क पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही. घटना की सूचना किसी ने डायल 112 पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया.

पूछताछ में सामने आई पहचान

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बंटी कुमार बताया है, जो मारूफचक इलाके का रहने वाला है. सूत्रों के अनुसार, आरोपी सूखे नशे का आदी बताया जा रहा है और नशे की लत पूरी करने के लिए झपटमारी जैसी घटनाओं को अंजाम देता था. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इलाके में हुई अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है. आरोपी को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन