Bihar News: खेलते-खेलते पोखर में समा गई मासूमों की हंसी, बिहार में दो बच्चों की डूबने से मौत
Published by : Anshuman Parashar Updated At : 25 Jul 2025 3:54 PM
Bihar News
Bihar News: बिहार के एक गांव में उस वक्त मातम छा गया जब खेलते-खेलते दो मासूम बच्चे पोखर में डूब गए. परिजन उन्हें ढूंढते रहे, लेकिन जब तक ग्रामीणों ने बाहर निकाला, दोनों की सांसें थम चुकी थीं. गांव में चीख-पुकार मच गई.
Bihar News: बिहार में भागलपुर के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र स्थित निस्फअंबे गांव शुक्रवार दोपहर उस वक्त मातम में बदल गया, जब गोशाला पोखर में डूबने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा करीब 12 बजे हुआ, जब गांव के दो बच्चे 8 वर्षीय हर्ष कुमार और बादल कुमार पोखर के किनारे खेल रहे थे.
पहले एक फिसला, फिर दूसरा डूबा बचाने में
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खेल के दौरान अचानक हर्ष का पैर फिसल गया और वह पानी में गिर पड़ा. उसके पीछे दौड़कर बादल भी उसे बचाने के प्रयास में पोखर में उतर गया, लेकिन गहराई और कीचड़ में फंसकर दोनों की जान चली गई. इस दृश्य को पास में मौजूद एक तीसरे बच्चे ने देखा और गांव में शोर मचाया.
ग्रामीणों ने निकाला बाहर, लेकिन तब तक हो चुकी थी मौत
गांव के लोग मौके पर दौड़े और काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पोखर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घरों में मातम पसरा हुआ है और गांव की गलियों में सन्नाटा गूंज रहा है.
पोखर की सुरक्षा पर उठे सवाल, प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पोखर के चारों ओर कोई सुरक्षा घेरा नहीं था. बच्चों के खेलने की जगह पर पानी खुला छोड़ देना प्रशासन की घोर लापरवाही है. लोगों ने मांग की है कि अब पोखर को सुरक्षित किया जाए ताकि ऐसी घटना फिर न हो.
पंचनामा के बाद शव भेजे गए पोस्टमार्टम के लिए
सूचना मिलते ही मधुसूदनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पंचनामा की कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सुरक्षा को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: बिहार में जमीन के नाम पर राजस्व कर्मी मांग रहे थे रिश्वत, निगरानी विभाग ने रंगेहाथ धर दबोचा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anshuman Parashar
अंशुमान पराशर पिछले दो वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के लिए बिजनेस की लेटेस्ट खबरों पर काम कर रहे हैं. इसे पहले बिहार की राजनीति, अपराध पर भी इन्होंने खबरें लिखी हैं. बिहार विधान सभा चुनाव 2025 में इन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और विस्तृत राजनीतिक कवरेज किया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










