राघोपुर पहुंचे अभियंता प्रमुख, कटाव स्थल का किया निरीक्षण, तटबंधों पर 24 घंटे निगरानी के दिए निर्देश

इस्माईलपुर -बिंद टोली तटबंध का निरीक्षण करते अभियंता प्रमुख ई वरुण कुमार. | Prabhat Khabar Network
Bhagalpur Ganga Erosion : भागलपुर में गंगा के कटाव के बीच अभियंता प्रमुख ने तटबंधों का निरीक्षण किया. सभी तटबंध सुरक्षित हैं और 24 घंटे निगरानी के कड़े निर्देश दिए गए हैं.
Bhagalpur Ganga Erosion : गंगा नदी के तेज कटाव के कारण राघोपुर स्थित जल संसाधन विभाग का कैंप कार्यालय नदी में समा जाने के बाद विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है. अभियंता प्रमुख ई. वरुण कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फ्लड फाइटिंग कार्यों की प्रगति का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि फिलहाल तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं और स्थिति नियंत्रण में है.
150 मीटर क्षेत्र में चल रहा फ्लड फाइटिंग कार्य
कटाव प्रभावित क्षेत्र में लगभग 150 मीटर हिस्से में सैंड बैग के माध्यम से तटबंध को सुरक्षित करने का कार्य तेज गति से किया जा रहा है. अभियंता प्रमुख ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा कार्यों की गुणवत्ता और गति दोनों बनाए रखी जाएं, ताकि कटाव का खतरा और न बढ़े.
इस्माईलपुर-बिंदटोली तटबंध पर विशेष निगरानी
निरीक्षण के दौरान अभियंता प्रमुख इस्माईलपुर-बिंदटोली तटबंध भी पहुंचे. उन्होंने स्पर संख्या 5 से 7 तक विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल गंगा का जलस्तर नीचे है, लेकिन नदी का बहाव तटबंध के काफी करीब है. ऐसे में चौबीसों घंटे निगरानी बनाए रखना बेहद जरूरी है.
ज्ञानीदास टोला में भी देखा कटाव निरोधी कार्य
देर रात अभियंता प्रमुख ने रंगरा चौक प्रखंड के ज्ञानीदास (झल्लूदास) टोला में चल रहे कटाव निरोधी कार्यों का भी निरीक्षण किया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने का निर्देश दिया.
वरिष्ठ अधिकारियों की टीम रही मौजूद
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ई. जयप्रकाश पासवान, अधीक्षण अभियंता ई. सुबोध चौधरी, कार्यपालक अभियंता ई. गौतम कुमार, सहायक अभियंता ई. नयन कुमार, जूनियर इंजीनियर ई. रविंद्र कुमार, ई. संजीत कुमार सहित जल संसाधन विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे. विभाग ने स्पष्ट किया कि गंगा नदी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











