साले ने भांजे के सामने बहनोई को पीटकर किया अधमरा, इलाज के क्रम में मौत

Updated:
विज्ञापन
साले ने भांजे के सामने बहनोई को पीटकर किया अधमरा, इलाज के क्रम में मौत

बबरगंज थाना क्षेत्र के मोहद्दीनगर में किराए के मकान में रहने वाले राजमिस्त्री पलटू दास (45) की इलाज के दौरान मौत हो गयी.

विज्ञापन

भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट :

बबरगंज थाना क्षेत्र के मोहद्दीनगर में किराए के मकान में रहने वाले राजमिस्त्री पलटू दास (45) की इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक के पिता बासदेव रविदास ने पलटू के चचेरे साले पप्पू दास समेत पांच लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है. पलटू मूल रूप से रंगरा थाना क्षेत्र के साधुवा गांव का रहने वाला था और पिछले करीब 15 वर्षों से मोहद्दीनगर में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था. परिजनों ने बताया कि शनिवार की शाम करीब सात बजे पलटू ने अपना मोबाइल पप्पू दास के यहां चार्ज पर लगाया था. इसी दौरान सोनू चौधरी का फोन पलटू के मोबाइल पर आया. फोन पप्पू की पत्नी मंजू ने रिसीव किया. फोन पर क्या बातचीत हुई, इसकी जानकारी किसी को नहीं है. आरोप है कि इसके बाद मंजू देवी के कहने पर पप्पू दास, सोनू चौधरी समेत अन्य लोग पलटू के घर पहुंचे और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की.

छोटे बेटे के सामने हुई पिटाई, रोता रहा बच्चा

घटना के वक्त पलटू का छोटा बेटा घर में मौजूद था. बच्चे ने परिजनों को बताया कि सभी लोगों ने मिलकर उसके पिता की जमकर पिटाई की. वह लगातार रोता रहा, लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं सुनी. परिजनों का आरोप है कि मारपीट में गंभीर रूप से घायल होने के बाद आरोपित ही पलटू को जेएलएनएमसीएच मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे. रविवार देर रात तक पप्पू दास अस्पताल में मौजूद था, लेकिन पलटू की मौत होते ही वहां से फरार हो गया. हालांकि उसकी मां अस्पताल में ही मौजूद थी.

36 घंटे तक चला इलाज, तीन पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया मृतक

करीब 36 घंटे तक इलाज चलने के बाद पलटू दास की मौत हो गई. वह अपने पीछे तीन पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया है. बड़ा पुत्र गांव में रहता है, जबकि छोटा पुत्र रेलवे में कार्यरत बताया जा रहा है. मृतक अपने भाइयों में दूसरे नंबर पर था. घटना की जानकारी मिलने के बाद बबरगंज थानाध्यक्ष दिव्या मौके पर पहुंचीं और परिजनों से पूछताछ की. वहीं मायागंज स्थित बरारी कैंप थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन