बाइक रेस बनी जानलेवा ! सड़क पार कर रही महिला को मारी टक्कर, मायागंज में मौत
भागलपुर में सड़क पर रेस लगा रहे युवकों की तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई. महिला कूड़ा फेंकने के लिए सड़क पार कर रही थी.
भागलपुर : बरारी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह सड़क हादसे में 46 वर्षीय महिला की मौत हो गयी. मृतका की पहचान कटहलबाड़ी निवासी संजय यादव की पत्नी रामदुलारी देवी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, रामदुलारी देवी सुबह करीब 5:30 बजे घर के पास कूड़ा फेंकने के लिए सड़क पार कर रही थीं. इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गयीं.
परिजनों ने बाइक रेस का लगाया आरोप
मृतका के बड़े बेटे अनिकेत कुमार और देवर नीरज कुमार ने आरोप लगाया कि हादसे के समय कुछ युवक सड़क पर बाइक से रेस लगा रहे थे. परिजनों का कहना है कि रेस में आगे निकलने की होड़ में एक युवक तेज रफ्तार से बाइक चला रहा था. इसी दौरान उसकी बाइक की चपेट में रामदुलारी देवी आ गयीं.
टक्कर के बाद महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गयीं.
मायागंज अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से रामदुलारी देवी को इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मायागंज ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद आसपास के लोगों में भी आक्रोश देखा गया.
स्थानीय लोगों ने बाइक सवार को पकड़ पुलिस को सौंपा
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने एक बाइक सवार युवक को पकड़ लिया और उसकी मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली. बाद में युवक को बरारी पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है.
इधर, प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए ट्रैफिक थाने में आवेदन दिया गया है. पुलिस शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुटी है. मामले की जांच की जा रही है. बाइक की रफ्तार और रेस लगाने संबंधी परिजनों के आरोपों की भी जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए