परिसीमन के बाद ही होगा पंचायत चुनाव, समय-सीमा पर बोले मंत्री- फैसला चुनाव आयोग के हाथ में

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने बांका में स्पष्ट किया है कि परिसीमन पूरा होने के बाद ही पंचायत चुनाव होंगे. उन्होंने चुनाव की समय-सीमा पर चुनाव आयोग का निर्णय बताया. इसके साथ ही, उन्होंने पंचायत सरकार भवनों, आधार सेवा केंद्रों और सोलर लाइटों की प्रगति की भी जानकारी दी.

विज्ञापन

बांका : पंचायत चुनाव को लेकर चल रही अटकलों के बीच पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने रविवार को बांका में स्थिति स्पष्ट की. जिला अतिथि गृह में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि परिसीमन के बाद ही पंचायत चुनाव होगा. चुनाव की समय-सीमा को लेकर उन्होंने कहा कि परिसीमन और चुनाव की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की है, इसलिए फिलहाल चुनाव की निश्चित समय-सीमा बताना संभव नहीं है.

विज्ञापन

मंत्री ने कहा कि पंचायत चुनाव को लेकर दोनों स्तर पर काम शुरू है. पंचायती राज विभाग की ओर से चुनाव प्रक्रिया के लिए मांगा जाने वाला सहयोग समय पर उपलब्ध कराया जायेगा.

182 पंचायतों में 80 पंचायत सरकार भवन तैयार

प्रेस वार्ता में मंत्री ने पंचायती राज विभाग की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन पंचायत स्तर पर मिनी सचिवालय के रूप में कार्य कर रहा है. इसका उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराना है.

बांका जिले की 182 पंचायतों में से 80 पंचायतों में पंचायत सरकार भवन का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 76 पंचायतों में निर्माण कार्य जारी है. कुछ पंचायतों में भूमि की अनुपलब्धता सहित अन्य कारणों से निर्माण लंबित है.

मंत्री ने कहा कि पंचायत सरकार भवन के निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जायेगा. भवन का हैंडओवर लेने से पहले निर्धारित मानकों के अनुसार सभी सुविधाओं की जांच की जायेगी. कर्मियों की उपस्थिति बायोमेट्रिक प्रणाली से दर्ज की जायेगी.

42 पंचायतों में शुरू होगी आधार सेवा

मंत्री ने बताया कि जिले की 42 पंचायत सरकार भवनों में आधार सेवा केंद्र शुरू करने की मंजूरी दी गयी है. इन केंद्रों पर प्रशिक्षित कार्यपालक सहायकों को लगाया जायेगा. इससे ग्रामीणों को आधार से जुड़ी सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा.

25,649 सोलर स्ट्रीट लाइट लगायी गयी

जिले में 25,990 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य निर्धारित है. इनमें 25,649 लाइट का अधिष्ठापन पूरा हो चुका है, जो लक्ष्य का 98.69 प्रतिशत है. शेष 350 लाइट जल्द लगाने का निर्देश दिया गया है.

मंत्री ने कहा कि खराब सोलर स्ट्रीट लाइट की समय पर मरम्मत नहीं करने वाली एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.

हर पंचायत में बनेगा विवाह मंडप और विकसित होगा मोक्षधाम

मंत्री ने कहा कि प्रत्येक पंचायत में मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप बनाया जायेगा. फिलहाल जिले की 12 पंचायतों में इसकी स्वीकृति दी गयी है और भूमि चिन्हित करने की प्रक्रिया चल रही है.

इसके अलावा प्रत्येक पंचायत में मोक्षधाम विकसित करने की योजना है. जिन पंचायतों में पहले से मुक्तिधाम संचालित हैं, उन्हीं को विकसित कर शेड, चबूतरा, शौचालय और पेयजल समेत जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी.

सहयोग पोर्टल पर 555 मामले, 517 का निष्पादन

मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री के सहयोग पोर्टल पर पंचायती राज विभाग से संबंधित 555 मामले प्राप्त हुए हैं. इनमें से 517 मामलों का निष्पादन कर दिया गया है. शेष मामलों के निष्पादन का भी निर्देश दिया गया है.

उन्होंने अधिकारियों को फील्ड विजिट बढ़ाने और योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया.

प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रधान महासचिव हिमांशु पटेल, रालोसपा जिलाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार मंटू, राज्य खाद्य आयोग के सदस्य अंगद कुशवाहा, राष्ट्रीय महासचिव पप्पू सिंह, जदयू जिलाध्यक्ष अमरेंद्र सिंह, जदयू महासचिव नीरज सिंह, तंजा सिंह, मनोज आजाद, क्रांति कुशवाहा समेत अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन